पीएम मोदी के आधी रात के वीडियो संदेश पर कांग्रेस का हमला, मल्लिकार्जुन खड़गे बोले “रात 12 बजे नहीं, संसद में बोलें प्रधानमंत्री”

नीट पेपर लीक विवाद पर प्रधानमंत्री के वीडियो मैसेज के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संसद का सत्र चल रहा है, इसलिए प्रधानमंत्री को वीडियो संदेश जारी करने के बजाय सदन में आकर अपना पक्ष रखना चाहिए।
Mallikarjun Kharge Congress

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुरुवार देर रात जारी किए गए वीडियो संदेश को लेकर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री को देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात संसद के भीतर रखनी चाहिए, न कि आधी रात को वीडियो संदेश जारी कर। उन्होंने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है और प्रधानमंत्री यदि वहीं आकर बोलेंगे तो उनकी बात को प्रामाणिक माना जाएगा।

मीडिया से बातचीत में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा “अगर प्रधानमंत्री मोदी बोलना चाहते हैं तो सदन में आकर बोलें, तभी हम उनकी बात को authentic समझेंगे। उन्हें रात में 12 बजे बयान देने के बजाय दिन में संसद में आकर बोलना चाहिए।”

पेपर लीक पर पीएम मोदी ने रात में दिया वीडियो संदेश

बता दें कि नीट पेपर लीक विवाद और देशभर में छात्रों के प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात करीब 12 बजे वीडियो संदेश जारी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों छात्रों और उनके परिवारों का दर्द मैं समझता हूं।”उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले ढाई महीनों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है, कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और छात्रों का एक शैक्षणिक वर्ष खराब न हो, इसलिए रिकॉर्ड समय में लगभग 22 लाख विद्यार्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई, जिसके परिणाम भी घोषित किए जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में पेपर लीक रोकने के लिए और अधिक सख्त कदमों पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कानून को और मजबूत करेगी। साथ ही पेपर लीक के मामलों की फास्ट-ट्रैक अदालतों में सुनवाई और दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

कांग्रेस ने घेरा

प्रधानमंत्री के इस वीडियो संदेश के बाद कांग्रेस ने सवाल किया है कि जब संसद का सत्र चल रहा है और विपक्ष लगातार चर्चा की मांग कर रहा है, तब प्रधानमंत्री रात को वीडियो संदेश जारी करने की बजाय संसद में आकर अपनी बात रखनी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि प्रधानमंत्री यदि सदन में बोलेंगे तो विपक्ष अपनी शंकाएं और सवाल भी उनके सामने रख सकेगा, जिससे लोकतांत्रिक संवाद और जवाबदेही दोनों सुनिश्चित होंगे। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री को रात में वीडियो संदेश देने के बजाय संसद में आकर बोलना चाहिए। संसद में कही गई बात ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप होगी और तभी उसे वास्तविक अर्थों में प्रामाणिक माना जाएगा।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews