मायावती ने किया सवाल ‘क्या जातिगत जनगणना के बाद कांग्रेस एससी-एसटी और ओबीसी का वाजिब हक दिला पाएगी’, समाजवादी पार्टी को भी घेरा

बसपा प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस SC/ST आरक्षण में वर्गीकरण व क्रीमीलेयर को लेकर अभी भी चुप्पी साधे हुए है और दूसरी तरफ़ जातिगत जनगणना की बात कर रही है। ऐसे में उसका दोहरा चेहरा उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि 'सपा के आपराधिक तत्वों से बीजेपी सहित समूचे विपक्ष ने मानवता व इन्सानियत के नाते मुझे बचाने में जो अपना दायित्व निभाया है तो इसकी कांग्रेस को बीच-बीच में तकलीफ क्यों होती रहती है, लोग सचेत रहें।'
Mayawati

Mayawati demands answers from Congress : बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीएसपी ने जातीय जनगणना के लिए पहले केन्द्र में कांग्रेस पर और अब बीजेपी पर भी अपना पूरा दबाव बनाया है लेकिन क्या इसके बाद कांग्रेस SC, ST व OBC वर्गों का वाजिब हक दिला पायेगी?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस SC/ST आरक्षण में वर्गीकरण व क्रीमीलेयर को लेकर अभी भी चुप्पी साधे हुए है और दूसरी तरफ़ जातिगत जनगणना की बात कर रही है। ऐसे में उसका दोहरा चेहरा उजागर हो चुका है। बता दें कि दो दिन पहले भी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस और सपा को घेरते हुए कहा था कि इन पार्टियों का चाल चरित्र और चेहरा हमेशा से आरक्षण विरोधी रहा है।

मायावती ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरा

मायावती ने एक्स पर लिखा है कि ‘सपा जिसने 2 जून 1995 में बीएसपी द्वारा समर्थन वापिसी पर मुझ पर जानलेवा हमला कराया था तो इस पर कांग्रेस कभी क्यों नहीं बोलती है? जबकि उस दौरान केन्द्र में रही कांग्रेसी सरकार ने भी समय से अपना दायित्व नहीं निभाया था। तभी फिर मान्य. श्री कांशीराम जी को अपनी बीमारी की गम्भीर हालत में भी हॉस्पिटल छोड़कर रात को इनके मा. गृह मन्त्री को भी हड़काना पड़ा था तथा विपक्ष ने भी संसद को घेरा, तब जाकर यह कांग्रेसी सरकार हरकत में आई थी। क्योंकि उस समय केन्द्र की कांग्रेसी सरकार की भी नीयत खराब हो चुकी थी, जो कुछ भी अनहोनी के बाद यहाँ यूपी में राष्ट्रपति शासन लगाकर, पर्दे के पीछे से अपनी सरकार चलाना चाहती थी, जिनका यह षड़यन्त्र बीएसपी ने फेल कर दिया था।’

कांग्रेस से किए सवाल

उन्होंने कहा कि ‘उस समय सपा के आपराधिक तत्वों से बीजेपी सहित समूचे विपक्ष ने मानवता व इन्सानियत के नाते मुझे बचाने में जो अपना दायित्व निभाया है तो इसकी कांग्रेस को बीच-बीच में तकलीफ क्यों होती रहती है, लोग सचेत रहें। इसके इलावा, बीएसपी वर्षों से जातीय जनगणना के लिए पहले केन्द्र में कांग्रेस पर और अब बीजेपी पर भी अपना पूरा दबाव बना रही है, जिसकी पार्टी वर्षों से इसकी पक्षधर रही है तथा अभी भी है। लेकिन जातीय जनगणना के बाद, क्या कांग्रेस SC, ST व OBC वर्गों का वाजिब हक दिला पायेगी? जो SC/ST आरक्षण में वर्गीकरण व क्रीमीलेयर को लेकर अभी भी चुप्पी साधे हुए है, जवाब दे।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews