मुंबई पुलिस को आया संदिग्ध कॉल, शख्स ने दी ब्लास्ट की धमकी, अलर्ट पर प्रशासन

Mumbai

Mumbai: पूरे देश में इस समय नए साल का जश्न मनाने की तैयारी की जा रही है। सभी साल 2024 का स्वागत जोर-शोर से करना चाहते हैं। जिस तरह की तैयारी चल रही है उसे देखकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जिन शहरों में न्यू ईयर की ज्यादा धूम रहती है वहां पर धारा 144 भी लग चुकी है। मायानगरी मुंबई में भी जबरदस्त तरीके से सेलिब्रेशन किया जाता है। यहां पर भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

सुरक्षा के इस बंदोबस्त के बीच एक धमकी भरे कॉल ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम पर एक धमकी भरा कॉल आया है जिसमें यह दावा किया गया है कि मुंबई में धमाके होंगे और इतना कहने के बाद कॉल काट दिया गया। जैसे ही यह फोन आया उसके बाद क्राइम यूनिट्स को अलर्ट कर दिया गया है और कॉलर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

शनिवार शाम आया कॉल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई पुलिस को यह धमकी भरा कॉल शनिवार की शाम 6 बजे के करीब आया है। कॉल आते ही पुलिस ने कई जगहों पर छानबीन शुरू कर दी थी लेकिन अब तक कोई भी संदिग्ध चीज हाथ नहीं लगी है। पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कॉलर कौन था और आखिरकार उसने इस तरह का कॉल क्यों किया है।

ये पहली बार नहीं है जब मुंबई पुलिस को इस तरह से धमकी भरा कॉल किया गया हो इसके पहले भी कई बार इस तरह के फोन मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम पर किए जा चुके हैं लेकिन यह सब फेक निकले। इस तरह के कॉल का उद्देश्य पुलिस को डराना और परेशान करना रहता है। नए साल के जश्न को देखते हुए कुछ शरारती तत्व इस तरह की हरकत कर सकते हैं।

पहले भी आई है धमकी

पुलिस को इस तरह की धमकी पहले भी मिल चुकी है। एक शख्स ने मुंबई पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर धमकी देते हुए बोला था कि वह शहर में ब्लास्ट कर देगा। जब छानबीन की गई तो इस व्यक्ति की लोकेशन मुंबई से 625 किलोमीटर दूर मिली थी, जहां से उसे हिरासत में लिया गया था। इसी तरह मुकेश अंबानी के घर को बम से उड़ने की धमकी साल 2021 में दी गई थी। इस धमकी के बाद भी हड़कंप मच गया था। जब छानबीन की गई थी तो एंटीलिया के बाहर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो खड़ी हुई मिली थी। अब जो फोन आया है उसके कॉलर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है ताकि सच सामने आ सके।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews