नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को बड़ी राहत, दिल्ली कोर्ट ने ED की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से किया इनकार, जीतू पटवारी बोले ‘सत्ता के खिलाफ सत्य की जीत’

राउज एवेन्यू कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि ईडी की चार्जशीट किसी FIR पर नहीं, बल्कि भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी की निजी शिकायत और मजिस्ट्रेट के समन पर आधारित थी। इस वजह से इसपर संज्ञान लेना कानूनी तौर पर उचित नहीं है। इस फैसले को कांग्रेस ने सत्य की जीत बताया है।
National Herald Case

Rahul Gandhi Sonia Gandhi

नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को ED द्वारा दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। हालांकि कोर्ट ने ईडी को आगे की जांच जारी रखने की अनुमति दे दी है।

इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे ‘सत्ता के खिलाफ सत्य की बड़ी जीत’ बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि ‘मोदी सरकार ने उलूल जुलूल दावे पेश कर झूठे मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के चरित्र पर दाग लगाने की नाकाम कोशिश की थी, लेकिन अंत में सत्य की ही जीत हुई।’

नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोनिया-राहुल गांधी को बड़ी राहत

मंगलवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दायर चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया है। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने कहा कि बिना एफआईआर के सिर्फ सुब्रमण्यम स्वामी की निजी शिकायत के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों को स्वीकार करना कानूनी तौर पर उचित नहीं है। हालांकि कोर्ट ने ईडी को आगे की जांच जारी रखने की अनुमति दी है और कहा है कि दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज नई एफआईआर के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय आगे कदम उठा सकता है। वहीं, अदालत ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य आरोपियों को इस चरण में एफआईआर की कॉपी देने से भी इनकार कर दिया है।

कांग्रेस ने फैसले को बताया ‘सत्य की जीत’

कांग्रेस ने इस फैसले को सत्य की जीत बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि ये सत्ता के खिलाफ सत्य की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष अदालत ने साफ किया है कि ईडी की शिकायत स्वीकार योग्य नहीं है और पीएमएलए के तहत भी मामला बनाए रखने योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि ये सारा मामला ही झूठा है इसलिए अदालत ने केस खारिज कर दिया है। जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार झूठ के आधार पर सोनिया गांधी और आदरणीय राहुल गांधी को फंसाना चाहती है लेकिन आखिरकार सत्य की जीत हुई है। इसी के साथ उन्होंने मोदी सरकार को ललकारते हुए कहा कि गांधी परिवार के कई लोगों ने इस देश की सेवा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए है और वह इन झूठे मामलों से कभी डरने वाले नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज में हो रहे अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews