25 लाख दीपकों से जगमग होगी रामनगरी अयोध्या, श्रीराम का होगा राजतिलक

Ayodhya Deepotsav

Ayodhya Deepotsav 2023: रामनगरी अयोध्या आज 11 नवंबर को भव्य दीपोत्सव मनाने जा रही है और इस दौरान करीब 25 लाख दीपक जलाकर रिकॉर्ड कायम किया जाएगा। यहां की प्रसिद्ध राम की पैड़ी पर 21 लाख दीये जलेंगे जो 51 घाटों को जगमग करेंगे। दीपावली से एक दिन पहले एक बार फिर अयोध्या नगरी बड़ा रिकॉर्ड बनाने जा रही है।

दीपोत्सव का यह कार्यक्रम राम की पैड़ी पर रखा गया है जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और कैबिनेट के कुछ मंत्री अपनी मौजूदगी दर्ज करने वाले हैं। जैसे ही सूरज ढलेगा यह स्थान 21 लाख दीपकों की रोशनी से प्रज्वलित हो जाएगा और एक बार फिर पूरी अयोध्या जगमग हो उठेगी। यहां के 51 घाटों के अलावा अन्य मठ मंदिरों में भी दीपक जलाए जाने वाले हैं और इस तरह से यह आंकड़ा 25 लाख दीये तक पहुंच जाएगा।

श्रीराम का राजतिलक

शाम होते ही भगवान राम के दरबार में पहला दीपक जलेगा और उसके बाद पूरी अयोध्या जगमग होगी। भगवान श्रीराम को पुष्पक विमान का रूप लिए हेलीकॉप्टर से अयोध्या आते हुए देखा जाएगा और यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ उनकी अगवानी करेंगे। इस दौरान भगवान राम का राजतिलक भी रखा गया है। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ने वाली है। सरयू नदी के पुल पर ग्रीन पटाखे से 20 मिनट तक आतिशबाजी भी की जाने वाली है, जिस पर लगभग 80 लाख रुपए खर्च होंगे।

ऐसे बनेगा रिकॉर्ड

नया रिकॉर्ड कायम करने के लिए अयोध्या नगरी में जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। शुक्रवार देर शाम तक गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम दीयों की गणना कर रही थी और अब शनिवार सुबह से इसमें तेल और बाती डालने का काम शुरू किया जाएगा और शाम को होने वाले दीप प्रज्वलन के लिए वॉलिंटियर्स में अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

दीयों में तेल भरने के लिए एक-एक लीटर की सरसों के तेल की बोतल दी जाएगी। हर दीपक में 30ML तेल डालने के बाद इसके ऊपर हिस्से को खाली रखा जाएगा ताकि घाट पर तेल ना बिखरे और बोतल खाली होने के बाद पुनः उन्हें डब्बे में इकट्ठा कर लिया जाएगा। दीपक में तेल भर जाने के बाद बाती के ऊपरी हिस्से पर कपूर का पाउडर लगाएंगे ताकि दीप प्रज्वलित करने में किसी तरह की परेशानी ना आए। दीपक प्रज्वलित करने के लिए माचिस, डंडे लगे कैंडल और अन्य सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। लोगों को दीप प्रज्वलित करते समय अपना और दूसरों का ध्यान रखना को कहा गया है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews