अब अपने पालतू जानवर को ट्रेन में साथ ले जा सकेंगे यात्री, IRCTC करेगा टिकट बुक, पढ़ें पूरी खबर

अब अपने पालतू जानवर को ट्रेन में साथ ले जा सकेंगे यात्री, IRCTC करेगा टिकट बुक, पढ़ें पूरी खबर

IRCTC News : घर में छोटे जानवर कुत्ता, बिल्ली आदि पालने वाले पशु प्रेमियों (Pet Lover) के लिए ये खबर बहुत महत्वपूर्ण और खुश कर देने वाली है, अब उन्हें बाहर जाते समय अपने पेट को घर छोड़कर जाने की चिंता नहीं रहेगी और ना ही वो उससे दूर होने पर मायूस होंगे क्योंकि रेलवे अब यात्रियों को अपने पालतू पशु के साथ यात्रा करने की अनुमति देने की प्लानिंग कर रहा हैं।

IRCTC पर ऑनलाइन ही टिकट बुक होगा पालतू पशु का 

जानकारी के मुताबिक रेलवे एक नया नियम लेकर आने वाला है, चर्चा है कि रेल मंत्रालय पालतू पशु प्रेमियों की तकलीफ को देखते हुए उन्हें ट्रेन में साथ में यात्रा करने की अनुमति देने वाला है, यात्रियों के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करने वाली IRCTC यानि इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड पालतू पशुओं का टिकट भी बुक करेगा।

पूर्वोत्तर रेलवे के ट्रेनों में जल्दी शुरू होगी ये सुविधा 

टिकट बुकिंग के बाद पैसेंजर अपने पालतू जानवरों (Domestic Animal) के साथ ट्रेन में सफर कर सकेंगे। पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेनों में जल्दी ही यह सुविधा शुरू की जाएगी। रेलवे बोर्ड के पैसेंजर मार्केटिंग ने आईआरसीटीसी को सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम के साथ कोर्डिनेशन कर इस सुविधा को लागू करने के निर्देश दिए हैं। ध्यान रहे अभी शुरूआती दौर में यह सुविधा फर्स्ट एसी में कूपे बुक कराने वाले यात्रियों को ही मिलेगी।

IRCTC के सॉफ्टवेयर में बदलाव होते ही शुरू होगी बुकिंग 

रेल मंत्रालय ने कहा कि जिन लोगों को अपने पालतू जानवरों से बहुत प्यार होता है और वे उसे अपने से एक मिनट भी अलग नहीं कर सकते उनके लिए अपने पेट  के साथ यात्रा करना अधिक सुविधाजनक होगा, एक रिपोर्ट में कहा गया है कि रेलवे बोर्ड ने सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) से सॉफ्टवेयर में बदलाव करने को कहा है जिससे आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट पर पालतू जानवरों (Pet Animal) की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू की जा सके।

यात्री का टिकट कंफर्म होने के बाद बन पायेगा पालतू पशु का टिकट 

इस सुविधा के शुरू हो जाने के बाद घर बैठे ही यात्री अपने टिकट के साथ साथ अपने पालतू पशु का भी रिजर्वेशन करा जा सकेगा। ध्यान रहे नई व्यवस्था के तहत यात्री का टिकट कंफर्म होने पर ही पालतू जानवर की बुकिंग हो पाएगी। यात्री का टिकट कंफर्म होने के बाद उसे आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर अपना पीएनआर और मोबाइल नंबर भरना होगा। इसके बाद उसके मोबाइल पर ओटीपी आयेगा और फिर ओटीपी डालने पर पालतू पशु का टिकट बुक हो जाएगा।

पालतू पशु के टिकट की दर PMS से की जाएगी 

अभी इसके लिए टिकट दर तय नहीं हुई है, टिकट की दर पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम(पीएमएस) से की जाएगी। इसका लाभ ये होगा कि अब पालतू पशु की बुकिंग के लिए अलग से दौड़ नहीं लगाना पड़ेगी, जबकि पहले पालतू जानवर के मालिक को यात्रा के दिन प्लेटफॉर्म पर पार्सल बुकिंग काउंटर पर जाकर फर्स्ट क्लास एसी टिकट, केबिन या कूप बुक करने और पूरे कूप को आरक्षित करने के लिए कहा जाता था।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews