
Jharkhand News : झारखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां साहिबगंज में एनटीपीसी एमजीआर रेलवे ट्रैक को बम से उड़ा दिया गया है। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। बता दें, धमाका इतना जोरदार था कि पटरी पर करीब 3 फीट गहरा गड्ढा हो गया है। यह घटना रांगा घुट्टू गांव के पास पोल संख्या 40/1 के पास की है। वहीं, ट्रैक का 470 सेमी हिस्सा टूटकर 39 मीटर दूर गिरा है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि धमाका किता जोरदार होगा।
मालगाड़ियों का परिचालन ठप
दरअसल, घटना लालमटिया से फरक्का जाने वाली एमजीआर रेलवे लाइन की है। जब बरहेट के रांगा गांव के घुटुटोला के पास इस वारदात को अंजाम दिया गया है। बता दें कि इस ट्रैक को कोयला ढुलाई के लिए बनाया गया है। वहीं, अब इस रूट पर चलने वाली बहुत सी मालगाड़ियों का परिचालन ठप हो गया है। इससे लाखों का नुकसान भी हो गया है। आसपास के लोगों में भी भय का माहौल बन गया है।
जांच जारी
इधर, जानकारी मिलते ही झारखंड पुलिस, RPF और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इसके पीछे नक्सलियों का हाथ बताया जा रहा है। साथ ही यह भी अंदेशा लगाया जा रहा है कि किसी ने जानबूझकर रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाया है। वहीं, पुलिस ने जांच-पड़ताल के दौरान घटनास्थल से इलेक्ट्रिक तार बरामद किए हैं। इसकी छानबीन शुरू कर दी गई है। फिलहाल, इसके पीछे क्या मकसद था इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
झारखंड में रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाया
साहिबगंज की घटना, बदमाशों ने विस्फोटक लगाकर रेलवे ट्रैक, हादसे के बाद रेल मार्ग पर रेल सेवा बाधित#BreakingNews #jharkhand #railwaynews pic.twitter.com/YPzLsPzGH4
— MP Breaking News (@mpbreakingnews) October 2, 2024
नाइट गार्ड ने दी ये जानकारी
मामले को लेकर नाइट गार्ड गोविंद साव ने बताया कि रात करीब 12:00 बजे घटनास्थल से जोरदार धमाके की आवाज आई। जिसे सुनकर ऐसा लगा कि किसी ट्रक का टायर ब्लास्ट हुआ है, लेकिन बाद में पता चला कि रेलवे ट्रैक को किसी ने बम से उड़ा दिया है। जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। फिलहाल, पुलिस द्वारा जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

