महाराष्ट्र के रायगढ़ में भूस्खलन की चपेट में आया गांव, 5 की मौत, 75 सुरक्षित, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Maharashtra Landslide

Maharashtra Landslide: महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक भीषण हादसा हो गया है और भूस्खलन में कई लोगों के मारे जाने और अलग-अलग जगह फंसे होने की खबर सामने आ रही है। यह घटना महाराष्ट्र के रायगढ़ के खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में हुई है, जिसमें कई लोगों के फंसने की खबर है।

मोरबी बांध से 6 किलोमीटर दूर यह हादसा हुआ है। पांच शव बरामद हुए हैं और तीन घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। 75 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। सूचना लगते ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

राहत और बचाव कार्य जारी

यह घटना मध्यरात्रि की है। सूचना लगते ही एनडीआरएफ और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई थी। जानकारी के मुताबिक जिस जगह पर यह हादसा हुआ है, वहां पहुंचने के लिए 2 घंटे की चढ़ाई करनी पड़ती है। यही वजह है राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फोन पर अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली थी और अब वह खुद भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। नवी मुंबई और पनवेल के सभी अस्पतालों को सूचित कर दिया गया है और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बारिश का रेड अलर्ट

एक तरफ घटना से मौका स्थल की हालत उथल-पुथल मची हुई है और मौसम विभाग में रायगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया है। एनडीआरएफ की 2 टीम मौके पर पहुंच चुकी है, राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। हादसा जिस जगह हुआ है, वहां पर आदिवासी लोग रहते हैं। घटनास्थल पर मौजूद पांच से छह मकान और एक स्कूल बिल्कुल सुरक्षित है। बारिश होने की वजह से 10 से 12 लोग स्कूल में ही रुके हुए थे, जिस वजह से वह हादसे का शिकार नहीं हुए। वहीं कुछ लोग ऐसे थे जो मोरबी बांध में मछली पकड़ने गए थे, उनकी भी जान बच गई है।

गृहमंत्री ने ली जानकारी

घटना के बारे में पता लगते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से फोन पर जानकारी ली है। गृहमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा रायगढ़ की तेज बारिश में हुए भूस्खलन के संबंध में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से चर्चा की है। एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और स्थानीय प्रशासन के साथ बचाव कार्य में लगी हुई है। लोगों को वहां से निकालना और इलाज उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews