प्रयागराज में महाबोधि एक्सप्रेस पर पथराव, कई यात्री घायल, पढ़ें पूरी खबर

प्रयागराज में महाबोधि एक्सप्रेस (Mahabodhi Express) पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव की घटना सामने आई, जिसमें कई यात्री घायल हो गए। यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
Mahabodhi Express

Mahabodhi Express: बीते कुछ दिनों से लगातार ट्रेन पथराव की घटनाएं बढ़ती जा रही है। पहले वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव होने की घटनाएं सामने आई थी। अब इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाबोधि एक्सप्रेस पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव की एक और खबर सामने आई है।

दरअसल, यह घटना सोमवार की रात हुई जब नई दिल्ली से बिहार के गया जा रही महाबोधि एक्सप्रेस को निशाना बनाकर पत्थर फेंके गए। इस हमले से यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग घायल हो गए, सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोच S3 में बरसाए 50 से 60 पत्थर

प्रयागराज में महाबोधि एक्सप्रेस पर हुए पथराव में हिंसा की भयावह तस्वीर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन के S 3 कोच में लगभग 50 से 60 पत्थर फेंके गए। इनमें से कई पत्थर खिड़कियों से टकराकर कोच के अंदर तक घुस गए, जिससे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए हमलावर

इस घटना के बाद कोच के भीतर चीख पुकार मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। लोको पायलट को स्थिति का आभास होते ही उसने तुरंत ट्रेन रोक दी। ट्रेन में मौजूद आरपीएफ के जवानों ने पत्थर फेंकने वालों को खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे सभी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

हिरासत में 3 संदिग्ध

आरपीएफ के उप निरीक्षक एसपी सरोज, भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक ट्रेन रवाना हो चुकी थी। आरपीएफ की टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया और घटनास्थल के आसपास से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।

ट्रेन को मिर्जापुर स्टेशन पर रोका गया जहां घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया और उनसे घटना के बारे में बयान दर्ज किए गए पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews