Hindi News

PM Modi का हमला, बोले- हरियाणा चुनाव में कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम, अर्बन नक्सल का गिरोह जनता को गुमराह करने में जुटा था

Written by:Atul Saxena
Published:
कांग्रेस पूरी तरह से सांप्रदायिक और जातिवाद का चुनाव लड़ती है। हिंदू समाज को तोड़कर उसे अपनी जीत का फॉर्मूला बनाना, यही कांग्रेस की राजनीति का आधार है।
PM Modi का हमला, बोले- हरियाणा चुनाव में कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम, अर्बन नक्सल का गिरोह जनता को गुमराह करने में जुटा था

PM Modi attack on Congress: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला किया है, उन्होंने कहा, अभी कल ही हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनाव परिणाम आए हैं। हरियाणा ने बता दिया है कि देश का मिजाज क्या है। कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम, अर्बन नक्सल का पूरा गिरोह जनता को गुमराह करने में जुटा था। लेकिन कांग्रेस की सारी साज़िशें ध्वस्त हो गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने आज महाराष्ट्र में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी, वीसी के माध्यम से पीएम मोदी ने कहा आज महाराष्ट्र को 10 मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल रही है। नागपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार का काम, शिरडी एयरपोर्ट के लिए एक टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण, आज इंफ्रास्ट्रक्टर से जुड़े इन दो अहम प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास भी हुआ है। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए महाराष्ट्र के लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

Maharashtra में इतनी तेजी से पहले कभी विकास नहीं हुआ

मोदी ने कहा, महाराष्ट्र के इतिहास में इतनी तेज गति से इतने बड़े स्केल पर अलग-अलग क्षेत्रों में कभी भी विकास नहीं हुआ। हां, ये बात अलग है कि कांग्रेस के राज में इतनी ही तेज गति से, इतने ही स्केल पर अलग अलग क्षेत्रों में भ्रष्टाचार जरूर होता था। कुछ दिन पहले ही हमने मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिया। जब एक भाषा को उसका गौरव मिलता है, तब सिर्फ शब्द नहीं बल्कि पूरी पीढ़ी को नए बोल मिलते हैं। करोड़ों मराठी मानुष का दशकों पुराना सपना पूरा हुआ। महाराष्ट्र के लोगों ने जगह-जगह इसकी खुशी मनाई।

Congress की सारी साज़िशें ध्वस्त हो गई

उन्होंने कहा, अभी कल ही हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के चुनाव परिणाम आए हैं। हरियाणा ने बता दिया है कि देश का मिजाज क्या है। दो बार कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार तीसरी बार चुनकर आना ऐतिहासिक है। कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम, अर्बन नक्सल का पूरा गिरोह जनता को गुमराह करने में जुटा था। लेकिन कांग्रेस की सारी साज़िशें ध्वस्त हो गई। इन्होंने दलितों के बीच झूठ फैलाने की कोशिश की। लेकिन दलित समाज ने इनके खतरनाक इरादों को भांप लिया। दलितों को एहसास हो गया कि कांग्रेस उनका आरक्षण छीनकर अपने वोटबैंक को बांटना चाहती है।

Haryana की जनता अपने उज्जवल भविष्य के लिए BJP पर भरोसा कर रही है

मोदी बोले- आज हरियाणा के दलित वर्ग ने बीजेपी को रिकॉर्ड समर्थन दिया है। हरियाणा के ओबीसी बीजेपी के विकास कार्यों को देखकर उसके साथ है। कांग्रेस ने किसानों को भड़काया। लेकिन किसानों को पता है कि उन्हें फसलों पर MSP किसने दी। हरियाणा के किसान बीजेपी की किसान कल्याण योजनाओं से खुश हैं।कांग्रेस ने युवाओं को टारगेट किया और अलग अलग तरीके से उन्हें भड़काने की कोशिश की। लेकिन हरियाणा के नौजवान, हमारी बहनें-बेटियां अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा पर ही भरोसा कर रहे हैं।

कांग्रेस समाज को बांटने का फार्मूला लाती रहती है: Modi

प्रधानमंत्री ने कहा,  कांग्रेस, हमेशा बांटो और सत्ता पाओ के फॉर्मूले पर चली है। कांग्रेस ने बार-बार ये सिद्ध किया है कि वो एक गैर-जिम्मेदार दल है। वो अभी भी देश को बांटने के लिए नए-नए नरैटिव गढ़ रही है। कांग्रेस समाज को बांटने का फार्मूला लाती रहती है। कांग्रेस का फार्मूला साफ है कि मुसलमानों को डराते रहो, उनको भय दिखाओ, उनको वोटबैंक में कन्वर्ट करो और वोटबैंक को मजबूत करो। कांग्रेस की नीति है, हिंदुओं की एक जाति को दूसरी जाति से लड़ाओ। कांग्रेस जानती है कि जितना हिंदू बंटेगा, उतना ही उसका फायदा होगा। कांग्रेस किसी भी तरीके से हिंदू समाज में आग लगाए रखना चाहती है, ताकि वो उस पर राजनीतिक रोटियां सेंकती रहे। भारत में जहां भी चुनाव होते हैं, वहां कांग्रेस यही फॉर्मूला लागू करती है।

PM Modi बोले- हमारी सरकार में विकास भी है, विरासत भी है

कांग्रेस पूरी तरह से सांप्रदायिक और जातिवाद का चुनाव लड़ती है। हिंदू समाज को तोड़कर उसे अपनी जीत का फॉर्मूला बनाना, यही कांग्रेस की राजनीति का आधार है। कांग्रेस भारत के ‘सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय’ की परंपरा का दमन कर रही है, सनातन परंपरा का दमन कर रही है। दुनिया, किसी देश में तभी विश्वास करती है, जब वहां का युवा आत्मविश्वास से भरा होता है आज युवा भारत का आत्मविश्वास, भारत के भविष्य की नई कहानी है। दुनिया के बड़े बड़े देश आज भारत को मानव संसाधन के बड़े केंद्र के रूप में देख रहे हैं।कांग्रेस को न विकास से मतलब था, न विरासत से मतलब था। हमारी सरकार में विकास भी है, विरासत भी है। हम अपने समृद्ध अतीत से प्रेरणा लेकर उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !