शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। यह ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक जनसभा रखी गई है, जिसे वह संबोधित करने वाले हैं। केवल जनसभा को संबोधित ही नहीं यहां वह राज्य के बुनियादी ढांचे रेलवे, सड़क, बंदरगाह और कनेक्टिविटी से जुड़ी हुई 18,680 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करने वाले हैं।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को पश्चिम बंगाल के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान राज्य की जनता को कई नई सौगात मिलने वाली है। इसमें विकास परियोजनाओं से लेकर पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन शामिल है।
पीएम मोदी का पश्चिम बंगाल दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 420 किलोमीटर से अधिक लंबाई की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का शिलान्यास करने वाले हैं। 16990 करोड़ की लागत की इस परियोजना में सबसे प्रमुख खड़गपुर मोरग्राम आर्थिक गलियारा है, जो NH-116 ए का हिस्सा है।
कैसा है कॉरिडोर
231 किलोमीटर लंबा यह चार लाइन कॉरिडोर खड़गपुर से सिलीगुड़ी की दूरी 120 किलोमीटर कम कर देगा। इससे लोगों के आने जाने के समय में 7 से 8 घंटे की बचत हो सकेगी। यह बांकुरा, मेदिनीपुर, बीरभूम, हुगली, पूर्वी बर्धमान, हुगली और मुर्शिदाबाद से गुजरने वाला है। जिससे इन क्षेत्रों का आर्थिक विकास होगा और व्यापार तथा पर्यटन को गति मिलेगी।
रेल क्षेत्र में भी सौगात
पश्चिम बंगाल को रेलवे के क्षेत्र में भी बड़ी सौगात मिलने वाली है। यहां प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए रेलवे स्टेशन कामाख्यागुरी, अनारा, तमलुक, बारभूम, हल्दिया, सिउरी का उद्घाटन करने वाले हैं। वो बेलदा दंतन के बीच 16 किलोमीटर तीसरी रेल लाइन और पुरुलिया आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा कुछ अन्य रेल परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
रखी गई है रैली
योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन के अलावा एक जनसभा भी रखी गई है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ममता बनर्जी सरकार पर निशान साध सकते हैं। वह यहां पर केंद्र की योजनाओं को लागू न करने, राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति और विकास में बाधा डालने जैसी चीजों पर बात कर सकते हैं।






