प्रधानमंत्री मोदी का असम दौरा: विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकापर्ण, कांग्रेस को बताया झूठे वादों की दुकान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम के गुवाहाटी से एक जनसभा को संबोधित किया। खराब मौसम के कारण कोकराझार न पहुंच पाने के लिए माफी मांगते हुए, उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और उसे 'झूठे वादों की दुकान' करार दिया। इस दौरान उन्होंने बोडोलैंड क्षेत्र के लिए 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
PM Modi

गुवाहाटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और उसे झूठे वादों की दुकान बताया। खराब मौसम के कारण कोकराझार का दौरा रद्द होने पर पीएम मोदी ने गुवाहाटी से ही सभा को संबोधित किया और लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार असम की विरासत और विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस केवल लोगों में फूट डालने का काम करती है।

पीएम मोदी ने कहा, “खराब मौसम की वजह से मैं कोकराझार नहीं आ पा रहा हूं। मैं आप सभी से दिल से माफी मांगता हूं। आप सभी से यहीं गुवाहाटी से ही बात कर पाना मुमकिन हो पाया है।”

‘कांग्रेस झूठे वादों की दुकान’

कांग्रेस पर हमलावर होते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पार्टी झूठे वादों का कारोबार करती है और उसके वादे पूरे करने का कोई इरादा नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने स्वार्थ के लिए समुदायों में फूट डालती है।

“कांग्रेस झूठे वादों की दुकान है। कांग्रेस 4 सुपर झूठ गिफ्ट में देती है। कांग्रेस का वादा पूरा करने का कोई इरादा नहीं होता। कांग्रेस लोगों में फूट डालने का काम कर रही है, जबकि डबल इंजन की सरकार से असम में विकास हो रहा है। हम हर वादे पूरे कर रहे हैं।”- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

उन्होंने कहा कि बोडोलैंड की कई मांगों को कांग्रेस ने झूठे सपनों में उलझाए रखा और सिर्फ दिखावे के लिए कागजी समझौते किए, जिससे कई पीढ़ियां प्रभावित हुईं।

शांति और विकास का नया अध्याय

पीएम मोदी ने कहा कि कोकराझार सहित पूरे क्षेत्र ने दशकों तक बहुत मुश्किलें झेली हैं, लेकिन आज भाजपा-एनडीए सरकार के प्रयासों से बोडोलैंड शांति और विकास के रास्ते पर है। उन्होंने बोडो शांति समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि पहली बार सभी प्रमुख संगठनों को एक साथ लाकर स्थायी शांति के लिए काम किया गया।

उन्होंने कहा, “आज, बोडोलैंड शांति और विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। आज, असम शांति और तरक्की का एक नया अध्याय लिख रहा है।”

₹4,500 करोड़ की विकास परियोजनाएं

इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने क्षेत्र के विकास के लिए 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि इसमें से 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि विशेष रूप से बोडोलैंड की सड़कों के निर्माण पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि असम माला अभियान के तीसरे चरण से राज्य की सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। प्रधानमंत्री ने बोडो समुदाय की अपनी भाषा और संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए प्रशंसा भी की।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews