राज्यसभा सांसद बनने पर PM Modi ने नीतीश कुमार और हरिवंश को दी बधाई, तारीफ करते हुए कही ये बड़ी बात

नीतीश कुमार के शपथ लेने के बाद चर्चा है कि पटना लौटने के बाद नीतीश कुमार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे, फिर नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जायेगा।
PM Modi Nitish Kumar Harivansh

PM Modi Nitish Kumar Harivansh

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने राज्यसभा के सदस्य बनाये जाने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है साथ ही पीएम ने नीतीश कुमार की ही पार्टी के नेता और उनके करीबी हरिवंश को भी राज्यसभा सदस्य बनने पर बधाई दी है, उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों नेताओं को शुभकामनायें दी हैं।

नीतीश कुमार को आज राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, उनके कक्ष में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने शपथ ग्रहण की और वे राज्यसभा के सांसद बन गए , उनके राष्ट्रीय राजनीति में आने के कई मायने निकाले जा रहे हैं,इसे बिहार की राजनीति में एक बड़े परिवर्तन के तौर पर भी देखा जा रहा है।

नीतीश देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक: मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेडीयू नेता नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य बनने पर बधाई दी है , उन्होंने X पर लिखा- “नीतीश कुमार देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की हर जगह सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना अत्यंत प्रसन्नता का विषय होगा। उन्होंने सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनका लंबा राजनीतिक अनुभव संसद की गरिमा को और बढ़ाएगा। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण करने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगामी कार्यकाल के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।”

हरिवंश एक सम्मानित बुद्धिजीवी और विचारक : पीएम 

प्रधानमंत्री ने जेडीयू के ही दूसरे नेता और नीतीश कुमार के करीबी हरिवंश के भी पुनः राज्यसभा बनने पर उन्हें भी बधाई दी है, पीएम ने उनके लिए X पर लिखा- “हरिवंश ने पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन में अमूल्य योगदान दिया है। वे एक सम्मानित बुद्धिजीवी और विचारक हैं। अपने गहन विचारों और अंतर्दृष्टि से उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में सदन की कार्यवाही को समृद्ध किया है। मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि राष्ट्रपति ने उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। आगामी संसदीय कार्यकाल के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।”

हरिवंश ये तीसरा कार्यकाल 

बता दें हरिवंश भी नीतीश कुमार की तरह ही बहुत अनुभवी नेता हैं वे दो बार बिहार से जनता दल यूनाइटेड की सीट पर राज्यसभा के लिए चुने जा चुके हैं पिछले दोनों कार्यकाल में वे राज्यसभा के उप सभापति भी रहे हैं और सदन की कार्यवाही का सफल संचालन भी किया है अब उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मनोनीत किया है उनका मनोनयन पूर्व सीजेआई रंजन गोगोई के रिक्त हुई सीट पर हुआ है उनका कार्यकाल 20 32 तक रहेगा, उम्मीद की जा रही है वे अपने तीसरे कार्यकाल में भी उप सभापति बनाये जायेंगे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews