फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर रवाना पीएम मोदी, जी7 समिट का बनेंगे हिस्सा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक हफ्ते के लिए फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर गए हैं। निकलने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस बारे में जानकारी दी और बताया कि वह फ्रांस में G7 समिट का हिस्सा बनेंगे।
PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर रवाना हुए। अपने एक हफ्ते की इस यात्रा के दौरान वह G7 समिट का हिस्सा बनेंगे। यहां वह दुनिया भर के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार विमर्श करने वाले हैं।

भारत से रवाना होने से पहले सोशल मीडिया हैंडल X के जरिए प्रधानमंत्री ने अपनी इस यात्रा के बारे में जानकारी दी है। बता दें कि 1993 में स्लोवाकिया की आजादी के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह वहां की पहली यात्रा है। चलिए जान लेते हैं कि आखिरकार पीएम मोदी ने अपनी यात्रा के बारे में क्या कहा है।

पीएम मोदी ने दी दौरे की जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की रणनीतिक सोच में फ्रांस की अहम जगह है। वही स्लोवाकिया की उनकी यात्रा ऐतिहासिक मील का पत्थर है जिससे दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे। फ्रांस को लेकर उन्होंने कहा कि इस साल की शुरुआत में राष्ट्रपति मैक्रों भारत आए थे। हमने अपने रिश्तों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब मैं राष्ट्रपति मैक्रों से मिलूंगा तो फरवरी के बाद हुई प्रगति पर चर्चा करेंगे। हम अपने सहयोग को आगे बढ़ाने के अगले कदम पर भी चर्चा करेंगे। मैं आपसी हित के अहम वैश्विक मुद्दों पर बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।

पीएम ने आगे कहा कि भारत फ्रांस इनोवेशन वर्ष के तहत आयोजित किया जाने वाला यह कार्यक्रम भारत के सबसे बेहतरीन स्टार्टअप्स को निवेश से जोड़ेगा। यह भारत के उच्च शिक्षा इकोसिस्टम से निकलने वाले इनोवेशन के उत्प्रेरक के रूप में काम करेगा।

G7 समिट का बनेंगे हिस्सा

प्रधानमंत्री G7 समिट का हिस्सा बनने वाले हैं। इसे लेकर उन्होंने कहा कि फ्रांस के एवियन में होने वाले इस समिट में भारत की भागीदार उसके सहयोगियों द्वारा देश में दिखाए गए भरोसे को दर्शाने का काम कर रही है। बता दें कि ये लगातार आठवां जी7 समिट है, जिसमें भारत को आमंत्रित किया गया है।

14-15 जून को स्लोवाकिया का दौरा

प्रधानमंत्री मोदी 14 15 जून को स्लोवाकिया के दौरे पर जाने वाले हैं। यहां ब्रातिसलावा में उनकी मुलाकात राष्ट्रपति पीटर पिलग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से होगी। पीएम ने कहा कि वो इसके लिए उत्सुक हैं।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews