MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

पीएम मोदी ने अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर दी शुभकामनाएं, कहा ‘यह आस्था और संस्कारों का दिव्य उत्सव है’

प्रधानमंत्री ने रामभक्तों को बधाई देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की प्रेरणा देशवासियों के हृदय में सेवा, समर्पण और करुणा की भावना को और सुदृढ़ करे जिससे समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो सके। इस अवसर पर अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई।
Ayodhya Ram Mandir

File Photo

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर देशवासियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस वर्षगांठ को “आस्था और संस्कारों का एक दिव्य उत्सव”बताते हुए कहा कि यह पावन अवसर भारतीय संस्कृति और सामूहिक विश्वास का प्रतीक है।

अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि भगवान श्री राम की असीम कृपा और आशीर्वाद से पांच सदियों का रामभक्तों का संकल्प साकार हुआ है और आज रामलला अपने भव्य धाम में पुनः विराजित हैं। उन्होंने देश-विदेश के सभी रामभक्तों की तरफ से प्रभु श्री राम के चरणों में कोटि-कोटि नमन और वंदन किया है।

रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ आज हर्षोल्लास और धार्मिक भक्तिभाव के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सभी रामभक्तों को शुभकामनाएं और बधाई दी हैं। उन्होंने कहा है कि ‘अयोध्या जी की पावन धरा पर आज रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ मनाई जा रही है। ये वर्षगांठ हमारी आस्था और संस्कारों का एक दिव्य उत्सव है। इस पावन-पुनीत अवसर पर देश-विदेश के सभी रामभक्तों की ओर से प्रभु श्री राम के चरणों में मेरा कोटि-कोटि नमन और वंदन! समस्त देशवासियों को मेरी अनंत शुभकामनाएं।’

श्रीराम मंदिर में विशेष पूजा अर्चना हुई

प्रधानमंत्री मोदी ने ये भी कहा कि पिछले महीने अयोध्या के भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पर धर्म ध्वजा का शुभारंभ करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ‘ये मेरा सौभाग्य है कि पिछले महीने मुझे इस ध्वजा की पुण्य स्थापना का सुअवसर मिला।’ प्रधानमंत्री ने कहा है कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की प्रेरणा हर नागरिक के हृदय में सेवा, समर्पण और करुणा की भावना को प्रगाढ़ करे, जो समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। बता दें कि आज रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर अयोध्या में मंदिर परिसर में विशेष पूजा आयोजित की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर में श्रीरामलला के दर्शन किए और पूजा अर्चना की।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews