PM Modi ने 5,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की दी सौगात, बोले- TMC सरकार बंगाल के विकास में दीवार

मोदी ने कहा- "मां, माटी, मानुष" की बात करने वाली पार्टी की सरकार में बेटियों के साथ जो अन्याय हो रहा है, वो पीड़ा भी देता है और आक्रोश से भर भी देता है। आज पश्चिम बंगाल में अस्पताल भी बेटियों के लिए सुरक्षित नहीं हैं।
PM Modi Bengal tour

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल दौरे (PM Modi Bengal tour) पर ममता बनर्जी की TMC सरकार पर जमकर निशाना साधा, प्रधानमंत्री ने ममता सरकार को बंगाल के विकास की सबसे बड़ी बाधा बताया, उन्होंने कहा जिस दिन टीएमसी सरकार की ये दीवार गिरेगी, उसी दिन से बंगाल विकास की नई तेजी पकड़ लेगा। याद रखना टीएमसी की सरकार जाएगी, तभी असली परिवर्तन आएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दुर्गापुर पहुंचे यहाँ उन्होंने 5,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, हमारा दुर्गापुर, स्टील सिटी होने के साथ ही भारत की श्रमशक्ति का भी एक बड़ा केंद्र है। भारत के विकास में दुर्गापुर की बहुत बड़ी भूमिका है और आज इसी भूमिका को मजबूत करने का हमें अवसर मिला है। उन्होंने कहा ये सभी परियोजनाएं यहां की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी और गैस-आधारित परिवहन तथा अर्थव्यवस्था को बल देंगी।

मोदी ने कहा आज पूरी दुनिया में विकसित भारत के संकल्प की चर्चा है। इसके पीछे भारत में दिख रहे वो बदलाव हैं जिन पर विकसित भारत की इमारत का निर्माण हो रहा है। इन बदलावों का एक बड़ा पहलू भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर है।हमें 2047 तक भारत को विकसित बनाना है। हमारा रास्ता है- विकास से सशक्तिकरण, रोजगार से आत्मनिर्भरता और
संवेदनशीलता से सुशासन

मोदी ने कहा यह सावन का पवित्र महीना है और ऐसे पावन समय में मुझे पश्चिम बंगाल के विकास पर्व का हिस्सा बनने का सौभाग्य मिला है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए बड़े सपने देखे हैं। भाजपा, एक समृद्ध पश्चिम बंगाल बनाना चाहती है। भाजपा एक विकसित पश्चिम बंगाल का निर्माण करना चाहती है। आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास हुआ है ये सारी परियोजनाएं, इस सपने को साकार करने का प्रयास हैं।

बंगाल बदलाव चाहता है, बंगाल विकास चाहता है

प्रधानमंत्री ने बंगाल सरकार पर हमला करते हुए कहा, लोग यहां देशभर से रोजगार के लिए आते थे, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह उलट गई। आज पश्चिम बंगाल का नौजवान, पलायन के लिए मजबूर है। छोटे-छोटे काम के लिए भी उसे दूसरे राज्यों की तरफ जाना पड़ रहा है। हमें बंगाल को इस बुरे दौर से बाहर निकालना है,  बंगाल, बदलाव चाहता है, बंगाल विकास चाहता है। आज  यहां जिन परियोजनाओं की शुरुआत हुई है, वो इसी का प्रतीक हैं।

ऐसी सरकार चुनिए, जो कामदार हो, ईमानदार हो और दमदार हो

मोदी ने कहा मैं आज आपको ये यकीन दिलाने आया हूं कि बंगाल की बदहाल स्थिति को बदला जा सकता है। भाजपा की सरकार आने के बाद, सिर्फ कुछ ही वर्षों में बंगाल देश के शीर्ष औद्योगिक राज्यों में से एक बन सकता है। यह मेरा दृढ़ विश्वास है। इसलिए भाजपा की ओर से मैं आपसे आग्रह करता हूं, एक बार भाजपा को अवसर दीजिए। एक ऐसी सरकार चुनिए, जो कामदार हो, ईमानदार हो और दमदार हो।

टीएमसी की सरकार जाएगी, तभी असली परिवर्तन आएगा

केंद्र सरकार की योजनाओं को बंगाल में लागू नहीं किये जाने पर ममता बनर्जी सरकार पर हमला करते हुए मोदी ने कहा  टीएमसी सरकार, बंगाल के विकास के आगे दीवार बनकर खड़ी है। जिस दिन टीएमसी सरकार की ये दीवार गिरेगी, उसी दिन से बंगाल विकास की नई तेजी पकड़ लेगा। याद रखना टीएमसी की सरकार जाएगी, तभी असली परिवर्तन आएगा।

शिक्षा व्यवस्था अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के हवाले 

प्रधानमंत्री ने कहा प्राइमरी एजुकेशन हो या हायर एजुकेशन, हर स्तर पर शिक्षा को बर्बाद किया जा रहा है। टीएमसी की सरकार ने बंगाल की एजुकेशन व्यवस्था को अपराध और भ्रष्टाचार के हवाले कर दिया है। हजारों योग्य शिक्षक आज बेरोजगार है, इसकी सबसे बड़ी वजह है, टीएमसी का भ्रष्टाचार। इससे हजारों परिवारों पर संकट आया है और लाखों बच्चों का भविष्य टीचर की कमी के कारण अंधेरे में हैं। टीएमसी ने बंगाल के वर्तमान और भविष्य दोनों को संकट में डाल दिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews