रवाना होने से पहले अपने प्रशंसक से कुवैत में किससे मिलने का वादा किया PM Modi ने, पढ़ें खबर

भारतीय प्रशंसक श्रेया जुनेजा ने प्रधानमंत्री मोदी से कुवैत में रह रहे उनके 101 वर्षीय नाना (Ex IFS officer) से मुलाकात का अनुरोध किया जिसे पीएम मोदी ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।
PM Modi Kuwait Tour

PM Modi Kuwait Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 – 18 घंटे काम करते हैं, वे कहते हैं देश के हर नागरिक की उन्हें फ़िक्र है, दुनिया की हर छोटी बड़ी बात से वे अपडेट रहते हैं, देश विदेश के दौरे पर रहते हैं इस सबके बावजूद वे सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यम पर भी नजर रखते हैं इसका उदाहरण उन्होंने एक भारतीय प्रशंसक द्वारा उन्हें PMO पर किये गए ईमेल का जवाब देते हुए दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कुवैत की दो दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हो गए। दो दिनों की यात्रा के दौरान वे भारत और खाड़ी देश के बीच रक्षा और व्यापार सहित अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे, खास बात ये है कि पिछले 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की खाड़ी देश की पहली यात्रा है।

द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद

प्रधानमंत्री की यात्रा के विषय में विदेश मंत्रालय में सचिव (प्रवासी भारतीय मामले) अरुण कुमार चटर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री की यात्रा से भारत-कुवैत द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है, यह न केवल मौजूदा क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करेगा, बल्कि भविष्य में सहयोग के लिए नए रास्ते भी खोलेगा, हमारे साझा मूल्यों को सुदृढ़ करेगा और भविष्य के लिए अधिक मजबूत साझेदारी का निर्माण करेगा।’’ उन्होंने कहा पीएम मोदी की यात्रा के दौरान कुछ द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे, भारतीय श्रमिक शिविर भी देखेंगे 

पीएम मोदी इस यात्रा के दौरान कुवैत के शीर्ष नेतृत्व के साथ मुलाकात कर उनसे कई अहम् मुद्दों पर वार्ता करेंगे, वे कुवैत में भारतीय श्रमिक शिविर का दौरा करेंगे, प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय को संबोधित भी करेंगे और गल्फ कप फुटबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। खास बात ये भी है कि इस दौरान प्रधानमंत्री एक भारतीय प्रशंसक के 101 वर्षीय नाना जी से भी मिलेंगे वे इसका वादा कर भारत से कुवैत रवाना हुये हैं।

101 साल के पूर्व आईएफएस अधिकारी से करेंगे मुलाकात  

दरअसल एक भारतीय प्रशंसक श्रेया जुनेजा ने प्रधानमंत्री के कुवैत दौरे की जानकारी मिलने के बाद पीएमओ पर एक मेल किया जिसमें उन्होंने लिखा – प्रधानमंत्री जी मेरा आपसे विनम्र अनुरोध है आप कुवैत यात्रा के दौरान वहां रह रहे  मेरे 101 साल के नाना जी मंगल सैन हांडा जो एक्स आईएफएस अधिकारी है उनसे भी मुलाकात करें वे आपके बहुत बड़े प्रशंसक है, मोदी ने इसके जवाब में X पर लिखा- मैं बिलकुल मुलाकात करूँगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews