पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी: पवन खेड़ा ने बताया साजिश, कहा ‘बीजेपी की टूलकिट’, दिग्विजय सिंह बोले- पकड़िए कार्रवाई कीजिए

कांग्रेस ने अब इस मामले का रुख बीजेपी की तरफ मोड़ दिया है। पवन खेड़ा ने सवाल किया कि क्या हम अपनी ही यात्रा को बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। वहीं, दिग्विजय सिंह ने कहा है कि ये कांग्रेस की संस्कृति नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जाँच होनी चाहिए।
Digvijaya Singh

पीएम मोदी और उनकी मां पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी एक तरफ कांग्रेस पर हमलावर है, वहीं अब कांग्रेस ने इसे बीजेपी की साज़िश बताया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने कहा है कि ये बीजेपी का ‘टूलकिट’ है। वहीं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि इस मामले की जांच होनी चाहिए और जिसने भी ये बयान दिया है उसपर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस की संस्कृति नहीं है।

बता दें कि इस मुद्दे पर बीजेपी के कई नेता कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साध रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने इस घटना को भारतीय राजनीति का ‘सबसे बड़ा पतन’ करार दिया और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी जितनी ज्यादा गालियां मोदीजी को देंगे, कमल का फूल उतना खिलेगा।

पीएम मोदी और उनकी मां पर टिप्पणी पर मचा बवाल

बिहार में इंडिया गठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान एक शख्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। इसका वीडियो वायरल होने के बाद सियासी हलकों में हंगामा मच गया। अमित थाह, नीतीश कुमार, योगी आदित्यनाथ, सीएम मोहन यादव, जेपी नड्डा सहित कई नेताओं ने इसकी निंदा करते हुए राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की है। हालांकि आरोपी को दरभंगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है लेकिन ये सियासी संग्राम थमता नज़र नहीं आ रहा।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बताया बीजेपी की साज़िश

वहीं मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। कांग्रेस इसे बीजेपी का षड्यंत्र बता रही है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इस मामले पर कहा है कि ‘ये किसने करवाया हम जानना चाहते हैं। हमारी यात्रा को बिगाड़ने की कोशिश कौन करेगा। हम तो नहीं करेंगे। तो ये इनकी एक टूलकिट है..बीजेपी की। खुद ही किसी को भेजो..अपने ही नेता को गाली दिलवाए..फिर उसको मुद्दा बनवाओ..सबसे ट्वीट करवाओ फिर हमारे पार्टी हेडक्वार्टर में आकार मारपीट करो, हमारे कार्यकर्ताओं के सिर फोड़ो। ये इनकी टूलकिट का हिस्सा है। हम तो जानना चाहते हैं कि किस भारतीय जनता पार्टी के नेता ने इस तरह के लोग हमारी सभा में भेजे ताकि अपने ही प्रधानमंत्री को ये गाली दें।’

दिग्विजय सिंह ने कहा ‘ये कांग्रेस की संस्कृति नहीं’

इस मामले पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी आरोपी को पकड़ने और उसपर कार्रवाई करने की मांग की है। एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘किसने बयान दिया..किसका बयान है इसकी जांच पड़ताल होना चाहिए। कांग्रेस का कोई व्यक्ति नहीं चाहेगा कि प्रधानमंत्री जी के परिवार पर किसी प्रकार के अपशब्द बोले जाएं। ये कांग्रेस की संस्कृति नहीं है। पकड़िए उसको..कार्रवाई कीजिए।’ इस तरह अब कांग्रेस ने पूरे मामले को बीजेपी की साज़िश करार देते हुए इसकी जांच की मांग की है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews