बर्धमान में जनसैलाब देखकर बोले PM Modi, “हजारों-हजार लोगों का ये रैला, बंगाल में खेला करने वाला है”

प्रधानमंत्री ने कहा हमने बंगाल की बहनों, युवाओं और सरकारी कर्मचारियों को तीन बड़ी गारंटियां दी हैं और ये कैसे पूरी होंगी, ये भी बंगाल भाजपा ने जनता के सामने रखा है। भाजपा यहां ऐसे उद्योग लगाएगी, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिल सके।
PM Modi public meeting Purba Bardhaman

PM Modi public meeting Purba Bardhaman

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एकबार फिर पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं, आज वे पूर्बा बर्धमान के कटवा में पहुंचे और जनता के उत्साह को देखकर खुश हुए, उन्होंने कहा मैं बंगाल में जहाँ भी रैलियों के लिए जाता हूँ, आप समर्थन के मामले में सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ देते हैं। जनसमूह को देखकर उन्होंने कहा, पूर्बा बर्धमान में हजारों-हजार लोगों का ये रैला, बंगाल में खेला करने वाला है। ये दृश्य 4 मई के नतीजे का ट्रेलर है। मैं देख रहा हूं, इस चुनाव में आपका उमंग, उत्साह, आपकी ऊर्जा, संकल्प ये भय पर भरोसे की विजय का उद्घोष है।  बंगाल परिवर्तन के लिए तैयार है।

प्रधानमंत्री ने कहा असम, केरल और पुडुचेरी में वोट पड़ चुके हैं। वहां भारी मतदान हुआ है। बहुत बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए निकले हैं। महिलाओं ने बड़ी संख्या में वोट डाला है। मैं चुनाव आयोग को बधाई देता हूं, बिना किसी घटना के तीनों राज्यों में मतदान हुआ है। कुछ दिन पहले हमने बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा में देखा है जहां भी भारी मतदान हुआ है और महिलाएं वोट डालने निकली हैं, वहां भाजपा-एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है। बंगाल में भी भाजपा जीत की ओर तेजी से बढ़ रही है। आपका उत्साह और ऊर्जा ही सफलता सुनिश्चित करेगी।

मोदी के कहा, भाजपा ने संकल्प लिया है कि वो बंगाल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाएगी। कल ही बंगाल भाजपा ने अपना घोषणापत्र जारी किया है। इसमें मैंने जो आपको 6 गारंटियां दी हैं, उन्हें लागू करने का रोडमैप है। मैं बंगाल भाजपा के सभी साथियों को इस शानदार घोषणापत्र के लिए बधाई देता हूं। मोदी की गारंटी, टीएमसी की निर्मम सरकार के भय को हटाकर भरोसे में बदलने की है। और ये गारंटी पूरी कैसे होगी यह पूरा खाका भाजपा के घोषणापत्र में है।

ये TMC के भय को मिटाने, बंगाल के विकास का चुनाव है

मोदी ने कहा टीएमसी के 15 साल के राज ने बंगाल के हर नागरिक, हर परिवार को सिर्फ और सिर्फ भय दिया है। ये चुनाव इसी भय को मिटाने का चुनाव है। टीएमसी के भय से मुक्त और भाजपा के भरोसे से युक्त बंगाल हमें बनाकर रहना है। यही विकसित बंगाल की तरफ हमारा पहला कदम होगा। भाजपा टीएमसी के विधायकों, मंत्रियों और गिरोहों से जुड़े भ्रष्टाचार का कानूनी लेखा-जोखा सुनिश्चित करने के लिए श्वेत पत्र लाएगी। इसमें सरकार के 15 वर्षों का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत किया जाएगा। भाजपा सरकार के तहत, ऐसे हर अपराध को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पीएम ने कहा टीएमसी के धोखे ने आलू किसानों को बर्बाद कर दिया है। एमएसपी पर आलू खरीद का वादा किया था, लेकिन आज किसान का आलू सड़ रहा है। हर किसान का यही हाल है। बंगाल भाजपा ने किसानों के लिए अनेक बड़ी घोषणाएं की हैं। बंगाल के किसानों को डबल इंजन सरकार का डबल बेनिफिट मिलेगा। बंगाल के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि 9,000 रुपये मिलेगी इसमें 6,000 रुपये केंद्र के और 3,000 रुपये बंगाल की भाजपा सरकार देगी।

भाजपा सरकार यानी महिलाओं की सुरक्षा का पूरा भरोसा

उन्होंने कहा भाजपा के प्रति बंगाल की जनता का प्रेम देखकर टीएमसी पैनिक मूड में आ गई है। इसलिए टीएमसी आपसे झूठ बोल रही है। टीएमसी कह रही है कि भाजपा आएगी तो ये योजना बंद हो जाएगी, वो योजना बंद हो जाएगी। सच तो ये है कि भाजपा कुछ भी बंद नहीं करेगी, भाजपा सिर्फ भ्रष्टाचार की दुकान बंद करेगी, टीएमसी की लूट बंद करेगी। बंगाल भाजपा ने बहनों को हर महीने 3,000 रुपए देने का ऐलान किया है। भाजपा के शासनकाल में बंगाल की बहन-बेटियां कभी भी, कहीं भी आ-जा सकेंगी। भाजपा सरकार यानी महिलाओं की सुरक्षा का पूरा भरोसा। यही टीएमसी की निर्मम सरकार और भाजपा सरकार के बीच सबसे बड़ा अंतर है।

प्रधानमंत्री ने कहा बंगाल भाजपा ने बेरोजगार युवाओं के लिए मदद की घोषणा की है। जो युवा टीएमसी की दुर्नीति के कारण सरकारी भर्ती के लिए ओवरएज हो गए, उन्हें छूट देने का भी ऐलान किया गया है। सरकारी विभागों में जो खाली पद पड़े हैं, उन्हें तेजी से भरा जाएगा। बाकी राज्यों की तरह बंगाल में भी रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। मैं आपको गारंटी देता हूं, पश्चिम बंगाल के सभी स्थायी सरकारी कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग का पूरा लाभ मिलकर रहेगा।

जो घुसपैठ करके आया उसे खदेड़ा जायेगा, मददगारों का हिसाब होगा  

मैं बंगाल के मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थी परिवारों को भी एक गारंटी देने आया हूं। हमारे मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थी परिवार यहां TMC के किसी नेता की कृपा से नहीं हैं। आप यहां भारत के संविधान के संरक्षण में हैं। मोदी ने CAA का कानून बनाया ताकि मतुआ, नामशूद्र और सभी शरणार्थियों को संविधान की गारंटी मिले। यहां भाजपा सरकार बनते ही शरणार्थी परिवारजनों को CAA के तहत नागरिकता देने का काम और तेज किया जाएगा। भाजपा सरकार बंगाल को एक और बड़ी चुनौती से मुक्ति दिलाएगी। जो भारत में घुसपैठ करके आया है, उसको भारत से खदेड़ा जाएगा। मैं हर घुसपैठिए से कहूंगा वो अपना बोरिया-बिस्तर बांध ले। और इतना ही नहीं, जिन्होंने घुसपैठ कराई, नकली कागज बनाए, यहां सरकारी योजनाओं से उनको जोड़ा, उन सबका भी हिसाब होगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews