भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे नरेंद्र मोदी ने एक लंबा सफर तय किया है। आरएसएस प्रचारक से गुजरात के मुख्यमंत्री और अब देश के प्रधानमंत्री तक। उनके जन्मदिन पर देशभर में सेवा पखवाड़ा का आयोजन हो रहा है, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा।

अपने जन्मदिन पर पीएम मोदी मध्यप्रदेश के धार जिले के भैंसोला में पीएम मित्र टेक्सटाइल और एपरल पार्क का भूमिपूजन करेंगे। यह आधुनिक भारत की औद्योगिक शक्ति का प्रतीक बनने वाला एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इस पार्क का उद्देश्य भारतीय कपड़ा उद्योग को एकीकृत करना और किसानों व टेक्सटाइल उद्यमियों के लिए बड़े अवसर सृजित करना है। वहीं, उन्हें देश विदेश से बधाई और शुभकामनाएं मिलने का सिलसिला भी जारी है।

राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को दी शुभकामनाएं 

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है कि परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।

उपराष्ट्रपति ने शुभेच्छाएं व्यक्त की

देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आपके दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है और एक विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर है। मातृभूमि की सेवा में समर्पित आपके दीर्घायु, स्वस्थ और संपूर्ण जीवन की कामना करता हूँ।

अमित शाह ने बताया जीवंत प्रेरणा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा है कि त्याग और समर्पण के प्रतीक, करोड़ों देशवासियों की प्रेरणा, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। सामाजिक जीवन में पाँच दशक से अधिक समय से देशवासियों के कल्याण हेतु बिना रुके, बिना थके अनवरत कार्य करने वाले मोदी जी हर एक देशवासी के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ की जीवंत प्रेरणा हैं।

लोकसभा स्पीकर ने की चिरायु होने की प्रार्थना

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा है कि  ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य और चिरायु प्रदान करें।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा वे सबके प्रेरणापुंज हैं

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता, नये भारत के शिल्पकार, यशस्वी प्रधानसेवक आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ।  आपके दूरदर्शी नेतृत्व में हमारे राष्ट्र की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक प्रतिष्ठा मिली है। आपका कुशल मार्गदर्शन हम सभी कोटिश: भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणापुंज है।

यूपी के सीएम ने शुभकामनाएं दी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा है कि 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं-आकांक्षाओं के संवाहक, वैश्विक मंच पर ‘नए भारत’ को अग्रिम पंक्ति में प्रतिष्ठित करने वाले, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, हम सभी के मार्गदर्शक, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।

एमपी के मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

मध्यप्रदेश के लिए ये दिन विशेष है। पीएम मोदी आज धार में पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा पीएम के दीर्घालु होने की कामना करते हुए कहा है कि यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी अपनी वर्षगांठ के अवसर पर प्रदेश पधार रहे हैं। वह प्रदेश को पीएम मित्र पार्क जैसी ऐतिहासिक सौगात प्रदान करेंगे, जो उद्योग एवं रोजगार सृजन में नई क्रांति का मार्ग प्रशस्त करेगी।

दिल्ली की सीएम ने की उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि विकसित भारत के पथप्रदर्शक, हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की कोटि-कोटि शुभकामनाएँ। आपका जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना, अंत्योदय के संकल्प और आत्मनिर्भर भारत के विराट लक्ष्य की जीवंत अभिव्यक्ति है। ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि वे आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और असीम ऊर्जा प्रदान करें।