पाकिस्तानी आतंकियों का समर्थन करती है कांग्रेस, घुसपैठियों का देती है साथ; असम से पीएम मोदी का हमला

पीएम मोदी ने अपनी इस यात्रा को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद असम की पहली यात्रा बताया और इसे मां कामाख्या और भगवान कृष्ण को समर्पित किया।
PM Modi Visit Assam Today

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के दरंग में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारतीय सेना का समर्थन करने के बजाय पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवादियों और देश की एकता को खतरे में डालने वाले घुसपैठियों का साथ देती है। पीएम ने कहा, “कांग्रेस बार-बार राष्ट्रविरोधी ताकतों को संरक्षण देती है जो हमारे बहादुर सैनिकों के खिलाफ है।”

पीएम मोदी ने अपनी इस यात्रा को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद असम की पहली यात्रा बताया और इसे मां कामाख्या और भगवान कृष्ण को समर्पित किया। उन्होंने कहा, “मां कामाख्या के आशीर्वाद से ऑपरेशन सिंदूर सफल रहा। आज इस पवित्र भूमि पर होने से मुझे दैवीय अनुभूति हो रही है।” उन्होंने जन्माष्टमी के अवसर पर अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ‘सुदर्शन चक्र मिशन’ की बात दोहराई, जो 2035 तक स्वदेशी रक्षा प्रणाली को मजबूत करेगा।

पहचान और साहस का केंद्र

पीएम ने असम को पहचान और साहस का केंद्र बताते हुए क्षेत्र की दृढ़ता की सराहना की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर घोषित सुदर्शन चक्र मिशन को रेखांकित किया जो एक दशक में अत्याधुनिक, आयरन डोम जैसी रक्षा प्रणाली विकसित करेगा। उन्होंने कहा, “यह प्रणाली न केवल आतंकी हमलों से हमें बचाएगी बल्कि निर्णायक जवाबी कार्रवाई भी करेगी।”

विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

इसके साथ ही, पीएम मोदी ने असम में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें दरंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, जीएनएम स्कूल, बीएससी नर्सिंग कॉलेज, गुवाहाटी रिंग रोड प्रोजेक्ट और ब्रह्मपुत्र पर कुरुवा-नारेंगी पुल शामिल हैं। ये परियोजनाएं क्षेत्र में यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देंगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews