राज्यसभा में गरजे प्रधानमंत्री, ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ नारे पर कांग्रेस को घेरा, गिनाए आर्टिकल 370 हटाने जैसे काम

गुरुवार को राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी' नारे पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने इस नारे को कांग्रेस की नफरत का प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने और आतंकवाद पर कार्रवाई जैसे कामों की वजह से विपक्ष उनकी कब्र खोदना चाहता है।
PM Modi

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष के ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ नारे का जिक्र कर कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि यह कौन सी ‘मोहब्बत की दुकान’ है जो देश के प्रधानमंत्री की कब्र खोदने की बात करती है।

पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष की परेशानी यह है कि एक गरीब का बेटा यहां तक कैसे पहुंचा और अब तक टिका कैसे हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि प्रधानमंत्री का पद उनके परिवार की जागीर है और उस पर कोई और नहीं बैठ सकता। इसी नफरत के कारण ऐसे नारे लगाए जा रहे हैं।

नारे नहीं, नफरत का प्रतिबिंब

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह नारा सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि उनके भीतर भरी नफरत का प्रतिबिंब है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर विपक्ष उनकी कब्र क्यों खोदना चाहता है? इसका जवाब देते हुए उन्होंने अपनी सरकार के कई बड़े फैसलों की सूची गिनाई।

पीएम मोदी ने कहा, “हमने जम्मू-कश्मीर से 370 की दीवार गिरा दी, क्या इसलिए कब्र खोदने की बात कर रहे हो? नॉर्थ-ईस्ट में बम-बारूद की छाया समाप्त कर विकास की राह अपनाई, पाकिस्तानी आतंकियों को घर में घुसकर जवाब दिया, माओवादी आतंक से देश को मुक्ति दिलाने के लिए साहसपूर्ण कदम उठाए, इसलिए मोदी की कब्र खोदनी है इनको।”

‘रोज 2 किलो गाली खाता हूं’

भाषण के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में पीएम मोदी ने अपनी सेहत के राज का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में संसद का एक भी सत्र ऐसा नहीं गया, जब उन्हें गाली न दी गई हो।

“मुझसे किसी ने एक इंटरव्यू में सेहत का राज पूछा था। तब मैंने कहा था कि मैं डेली दो किलो गाली खाता हूं।”- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

पीएम मोदी के इस तंज पर सदन में जमकर ठहाके लगे। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता बयान देंगे कि देखो प्रधानमंत्री राज्यसभा में भी रो रहा था, लेकिन यह उनकी आदत है।

‘गरीबी हटाओ’ के नारे से किया गुमराह

पीएम मोदी ने कांग्रेस की पुरानी सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश ने कांग्रेस के शाही परिवार को दशकों तक मौका दिया, लेकिन उन्होंने सिर्फ ‘गरीबी हटाओ’ के नारे देकर लोगों को गुमराह किया। उन्होंने कहा, “उनके पास नारे थे, काम नहीं। हमने रास्ता बदला-गरीब को सशक्त करने का रास्ता।”

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार की नीतियों पर भरोसा करके आज 25 करोड़ गरीब परिवार गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में हजारों मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग थीं, जहां आए दिन हादसे होते थे, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उनकी सरकार ने इन सभी क्रॉसिंग को खत्म कर लाखों लोगों की जान बचाई। इसी तरह, 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई गई, जहां आजादी के बाद से अंधेरा था। उन्होंने कहा कि इन्हीं कामों की वजह से विपक्ष को कोई रास्ता नहीं सूझ रहा और वे कब्र खोदने जैसी बातें कर रहे हैं।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews