प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को कोलकाता में सशस्त्र बलों के तीन दिवसीय संयुक्त कमांडर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस वर्ष के सम्मेलन का थीम ‘सुधारों का वर्ष – भविष्य के लिए परिवर्तन’ है। यह सम्मेलन 15 से 17 सितंबर तक आयोजित होगा और इसमें सुधारों, परिवर्तन और परिचालन तत्परता पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह सहित अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। यह सम्मेलन सशस्त्र बलों का शीर्ष मंथन मंच है, जो देश के शीर्ष सैन्य और नागरिक नेतृत्व को रणनीतिक व वैचारिक स्तर पर विचार-विमर्श के लिए एक साथ लाता है।

सशस्त्र बलों को और मजबूत करना

सम्मेलन का उद्देश्य जटिल भू-राजनीतिक परिदृश्य में सशस्त्र बलों को और मजबूत करना है, जो कि चुस्त और निर्णायक हों। इस दौरान सशस्त्र बलों के विभिन्न रैंकों के अधिकारियों और कर्मियों के साथ इंटरैक्टिव सत्र भी होंगे, ताकि क्षेत्रीय स्तर के दृष्टिकोण उच्च-स्तरीय चर्चाओं को समृद्ध कर सकें।

तकनीकी आधुनिकीकरण पर केंद्रित

पिछला सम्मेलन 2023 में भोपाल में आयोजित हुआ था। इस वर्ष का सम्मेलन सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो संस्थागत सुधारों, गहरे एकीकरण और तकनीकी आधुनिकीकरण पर केंद्रित है। साथ ही बहु-क्षेत्रीय परिचालन तत्परता को बनाए रखने पर जोर देता है।