पहले चरण में TMC का टूट गया घमंड.. दूसरे चरण में भाजपा की जीत पक्की, बंगाल में PM मोदी का बड़ा दावा, ममता सरकार को घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पश्चिम बंगाल के बनगांव पहुंचे जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया और तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। पीएम मोदी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पहले चरण में टीएमसी का घमंड टूट गया है। अब दूसरे चरण में भाजपा की भारी जीत पक्की होती जा रही है। इतना ही नहीं उन्होंने टीएमसी के शासन को 'महा जंगलराज' भी बताया।
PM Modi in West Bengal

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हो चुका है। वहीं अब 29 अप्रैल को दूसरे चरण की 142 सीटों के लिए चुनाव प्रचार भी जोरों पर चल रहा है। बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद चुनाव में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी बीच, पीएम मोदी ने रविवार, 26 अप्रैल 2026 को बनगांव में एक जनसभा को संबोधित किया है। इस दौरान उन्होंंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर जमकर हमला बोला और गंभीर आरोप लगाए।

प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल ने पहले चरण की वोटिंग में कमाल कर दिया है। पहले चरण में टीएमसी का घमंड टूट गया है। अब दूसरे चरण में भाजपा की भारी जीत पक्की होती जा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल में यह चुनाव अपने आखिरी दौर में है, लेकिन आपने एक बात नोटिस की होगी। 15 साल पहले, टीएमसी मां, माटी, मानुस की बात करके सत्ता में आई थी, अब वे उन शब्दों को बोल भी नहीं सकते। मैं आपको इसके पीछे की वजह बताता हूं। अगर ये टीएमसी वाले वे शब्द बोलेंगे, तो उनके पाप सामने आ जाएंगे।

पीएम मोदी ने कहा, टीएमसी की क्रूरता ने ‘मां’ को रुलाया, ‘माटी’ (मातृभूमि) को सिंडिकेट और घुसपैठियों को सौंप दिया, और बंगाल के ‘मानुस’ (लोगों) को भागने पर मजबूर कर दिया। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार केवल अपने हितों की चिंता करती है और जनता के सुख-दुख से उसका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि बंगाल की विरासत और सामर्थ्य को पूरी दुनिया जानती है, लेकिन टीएमसी उस पर कुंडली मारकर बैठी है।

पीएम मोदी ने ममता सरकार को बताया ‘महा जंगलराज’

पीएम मोदी ने ममता के शासन को ‘महा जंगलराज’ बताया। उन्होंने कहा कि टीएमसी के शासन में छोटे से छोटे नेता और गुंडे भी खुद को सरकार समझते हैं। हुगली नदी के आस-पास का इलाका कभी मिलों और फैक्ट्रियों का हब हुआ करता था, लेकिन आज उन मिलों पर ताले लगने की खबरें आ रही हैं। अंग्रेजों के जमाने की फैक्ट्रियां भी बंद हो रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब राज्य में सिर्फ और सिर्फ एक ही दुकान बची है और वह दुकान है सिंडिकेट का कट-मनी और कमीशनखोरी। ऐसी सरकार को जाना होगा। ऐसी सरकार को हटाना होगा। इसीलिए बंगाल का एक ही नारा है और एक ही फैसला है बंगाल में बदलाव जरूरी है।

पीएम मोदी ने कहा कि अब अत्याचार और अन्याय को और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से टीएमसी गलत काम कर रही है। इससे पहले बंगाल ने 30 साल तक वामपंथी शासन देखा और फिर टीएमसी को तीन बार मौका दिया, लेकिन अब बदलाव का समय आ गया है।

उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, लखपति दीदी, आयुष्मान कार्ड और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ देशभर में मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने केवल झूठे वादे किए।

किसानों को लेकर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी?

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में किसानों और खेती का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए किसानों की भलाई पहली प्राथमिकता है। हम किसानों और मजदूरों दोनों की चिंताओं को समक्षते हैं। इसलिए पिछले 11 सालों में भाजपा सरकार ने जूट के लिए एमएसपी को दोगुना कर दिया है।

उन्होंने आगे कहा, भाजपा सरकार ने जूट की खरीद तीन गुना बढ़ा दी है। गेहूं और चावल के लिए 100 प्रतिशत जूट पैकेजिंग का इस्तेमाल जरूरी कर दिया है और जूट की मांग बढ़ाने के लिए एकल-उपयोग प्लास्टिक पर बैन लगा दिया है। इससे यह पक्का होता है कि बंगाल में जूट मिलों को ज़्यादा से ज्यादा ऑर्डर मिलें। लेकिन टीएमसी का सिंडिकेट इन मिलों को चलने नहीं देता। यहां के किसानों की भलाई के लिए टीएमसी सरकार को अलविदा कहना होगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews