Hindi News

टैरिफ विवाद के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर की बात, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी जानकारी

Written by:Ankita Chourdia
Published:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और द्विपक्षीय सहयोग समेत कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। यह बातचीत दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव की खबरों के बीच हुई है।
टैरिफ विवाद के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर की बात, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी जानकारी

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर बातचीत की। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने इस बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दोनों शीर्ष नेताओं के बीच भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी, द्विपक्षीय सहयोग और विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की एक तस्वीर साझा करते हुए इस बातचीत की पुष्टि की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बात हुई है। बने रहें…!”

ट्रंप ने की इंडिया गेट की तारीफ

इसी बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘सोशल ट्रुथ’ पर नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट की एक तस्वीर भी पोस्ट की। उन्होंने इंडिया गेट को ‘भारत का खूबसूरत विजय द्वार’ बताया। ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “भारत का खूबसूरत विजय द्वार। हमारा वाला सबसे महान होगा!”

बता दें कि 42 मीटर ऊंचा इंडिया गेट, प्रथम विश्व युद्ध और तीसरे आंग्ल-अफगान युद्ध के दौरान ब्रिटिश सेना के लिए लड़ते हुए शहीद हुए लगभग 70,000 भारतीय सैनिकों की स्मृति में बनाया गया एक आर्क-डी-ट्रायम्फ है।

व्यापारिक तनाव के बीच अहम बातचीत

यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर कुछ तनाव चल रहा है। हालांकि, दोनों देशों के बीच एक बड़े व्यापार समझौते को लेकर भी बातचीत जारी है। पिछले साल अमेरिका ने भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर टैरिफ लगा दिए थे, जिसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में कुछ तनाव आ गया था। इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले साल अक्टूबर में पीएम मोदी को फोन कर दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं।