Hindi News

मुख्यमंत्री योगी के सिंगापुर दौरे से पहले बड़ा संकेत, एपी मोलर-माएर्स्क कंपनी यूपी में करेगी निवेश विस्तार

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
सिंगापुर की कंटेनर लॉजिस्टिक्स कंपनी एपी मोलर-माएर्स्क ने CM योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर यूपी में निवेश विस्तार की इच्छा जताई है। पिछले 20 साल से राज्य में सक्रिय कंपनी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सरकार के सहयोग की सराहना की।
मुख्यमंत्री योगी के सिंगापुर दौरे से पहले बड़ा संकेत, एपी मोलर-माएर्स्क कंपनी यूपी में करेगी निवेश विस्तार

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे से ठीक पहले उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर एक सकारात्मक माहौल बनता दिख रहा है। सोमवार को वैश्विक कंटेनर लॉजिस्टिक्स कंपनी एपी मोलर-माएर्स्क के प्रबंध निदेशक (MD) रीन पील पेडरसन ने CM योगी से मुलाकात की और प्रदेश में अपने निवेश के विस्तार की इच्छा जताई।

इस मुलाकात के दौरान CM योगी ने कंपनी को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और सभी आवश्यक सुविधाएं देने का आश्वासन दिया। बैठक में पेडरसन के साथ कंपनी के हेड ऑफ बिजनेस डेवलपमेंट विवेक शर्मा भी मौजूद थे। यह बैठक राज्य में बड़े निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाओं को बल देती है।

20 वर्षों से यूपी में सक्रिय है कंपनी

एपी मोलर-माएर्स्क पिछले दो दशकों से उत्तर प्रदेश में कारोबार कर रही है। कंपनी के प्रतिनिधि विवेक शर्मा ने बताया कि प्रदेश में नए निवेश और मौजूदा निवेश के विस्तार की भरपूर संभावनाएं हैं। उन्होंने राज्य की बेहतर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार मुक्त माहौल और सरकार से मिल रहे सहयोग को लेकर अपने सकारात्मक अनुभव साझा किए। टीम ने माना कि इन वजहों से यूपी में कारोबार करना आसान हुआ है।

CM योगी ने दिया हर संभव मदद का भरोसा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कंपनी के प्रतिनिधियों को बताया कि उत्तर प्रदेश देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि यहां निवेशकों की सुविधा के लिए एक अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है।

“उत्तर प्रदेश में सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित स्वीकृतियां, नीति आधारित प्रोत्साहन और मजबूत कानून-व्यवस्था के माध्यम से निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग दिया जा रहा है।”- योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश

CM योगी ने आगे कहा कि एक्सप्रेसवे के विशाल नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स हब, औद्योगिक गलियारों और आधुनिक बुनियादी ढांचे ने उत्तर प्रदेश को निवेश के एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित किया है। सरकार का मानना है कि एपी मोलर-माएर्स्क जैसी वैश्विक कंपनी के निवेश विस्तार से राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। बता दें कि यह कंपनी शिपिंग, बंदरगाह और अंतर्देशीय लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में दुनिया भर में काम करती है।