बरनाला: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर अमेरिका के साथ हुई एक ट्रेड डील को लेकर तीखा हमला बोला है। पंजाब के बरनाला में ‘कांग्रेस मजदूर महारैली’ को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने हिंदुस्तान के किसानों का ‘डेथ वारंट’ साइन कर दिया है और देश का सारा डेटा अमेरिका के हवाले कर दिया है।
राहुल गांधी ने कहा कि इस फैसले से देश में ‘तूफान’ आने वाला है। उन्होंने दावा किया कि इस डील के बाद अमेरिका के अखरोट, बादाम, सेब, दाल, कपास और सोयाबीन जैसे कृषि उत्पाद भारत आएंगे, जिससे हमारे किसान तबाह हो जाएंगे।
’21वीं सदी डेटा की है, जो अमेरिका को सौंप दिया’
राहुल गांधी ने ट्रेड डील के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि यह सब डेटा के लिए किया गया है। उन्होंने कहा, “पिछली सदी तेल की थी, लेकिन 21वीं सदी डेटा की है। अमेरिका को चीन से मुकाबला करना है, जिसके लिए उसे भारत के डेटा की जरूरत है। चीन के बाद दुनिया का सबसे बड़ा डेटा भारत के पास है।”
उन्होंने आगे कहा, “बिना हिंदुस्तान के डेटा के अमेरिका चीन से नहीं लड़ सकता। दुनिया AI की बात करती है लेकिन बिना डेटा के AI का कोई मतलब नहीं। नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेड डील में भारत का पूरा डेटा अमेरिका के हवाले कर दिया है।” उन्होंने सवाल उठाया कि जो काम प्रधानमंत्री चार महीने तक नहीं कर रहे थे, वो उन्होंने 15 मिनट में क्यों कर दिया?
पंजाब कांग्रेस को गुटबाजी पर सीधी चेतावनी
अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद पंजाब कांग्रेस के नेताओं को गुटबाजी को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में टीम वर्क से ही काम होता है और जो कोई भी टीम प्लेयर नहीं बनेगा, उसे बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
“मैं पंजाब कांग्रेस पार्टी नेताओं की पूरी टीम, जो मंच पर बैठी है, सबको मैसेज देना चाहता हूं कि काम टीम वर्क से होता है। एक प्लेयर गेम नहीं जीत सकता है। मैं मैसेज देना चाहता हूं कि टीम प्लेयर बनो, वरना रिजर्व में बैठा देंगे।”- राहुल गांधी
उन्होंने यह भी कहा, “कोई अगर टीम के साथ काम नहीं करेगा और टीम प्लेयर नहीं बनेगा तो उसे मैं और हमारे अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सीधा कर देंगे। ये मैसेज सभी के लिए है।”
‘9 लाख करोड़ के अमेरिकी प्रोडक्ट खरीदेगा भारत’
राहुल गांधी ने सौदे की शर्तों का खुलासा करने का दावा करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को गारंटी दी है कि हिंदुस्तान हर साल 9 लाख करोड़ रुपए के अमेरिकी प्रोडक्ट खरीदेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी ने अमेरिका से यह भी वादा किया है कि भारत उसी देश से तेल खरीदेगा, जहां से अमेरिका कहेगा। उन्होंने कहा, “हिंदुस्तान का कोई भी प्रधानमंत्री ऐसा काम नहीं करता।”






