राहुल गांधी को फिर मिल सकती है कांग्रेस की कमान, बैठक में बोले- पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसे निभाऊंगा

राहुल गांधी को फिर मिल सकती है कांग्रेस की कमान, बैठक में बोले- पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसे निभाऊंगा

नई दिल्ली, डेस्क रिपोर्ट| राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को एक बार फिर कांग्रेस (Congress) की कमान मिल सकती है| कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के आवास 10 जनपथ पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई| मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बैठक में नाराज नेताओं की शिकायतें, आने वाले चुनावों की रणनीति और नए पार्टी अध्यक्ष पर चर्चा हुई। खबर है कि एक बार फिर राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंपने की मांग उठी| इस पर राहुल गांधी ने कहा, पार्टी उन्हें, जो भी जिम्मेदारी देगी उसे निभाएंगे|

पार्टी में चल रही बयानबाजी और नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट के बीच नाराज असंतुष्ट नेताओं को मनाने के लिए सोनिया गांधी ने उनके आवास दस जनपथ पर एक बैठक की। करीब पांच घंटे चली इस बैठक में राहुल गांधी को दोबारा अध्यक्ष बनाने की मांग उठी और मंथन हुआ। हालांकि बताया जा रहा है कि इस मांग पर राहुल गांधी ने कहा कि इसे पार्टी की चुनावी प्रक्रिया पर छोड़ दिया जाना चाहिए।  बैठक के दौरान राहुल गांधी ने खुलकर अपनी राय रखी और पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया|

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में कांग्रेस के 20 वरिष्ठ नेता शामिल रहे| बैठक में मौजूद नेताओं ने एकमत से राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की इच्छा जाहिर की है| कांग्रेस नेता पवन बंसल ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर नेताओं के बीच कोई असंतोष नहीं है| बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि हम एक बड़ा परिवार हैं, पार्टी को मजबूत करने के लिए हमें साथ काम करने की जरूरत है| सोनिया गांधी ने कहा कि हम जल्द चिंतन शिविर करेंगे, जिसमें बीजेपी से लड़ने के लिए रणनीति बनाई जाएगी|

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews