राहुल गांधी बोले ‘वोट चोरी के डायनेमिक एक्सप्लोसिव सबूत देंगे’, फिर कहा ‘जल्द आएगा हाइड्रोजन बम’

कांग्रेस सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में एक बार फिर बीजेपी और चुनाव आयोग पर वोटर लिस्ट में फर्जी वोट जोड़ने और वोट चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने ये भी कहा कि देश के युवा इस बात को समझें कि वोट चोरी करके सरकारें बनाई जा रही हैं।
Rahul Gandhi

Rahul Gandhi Raebareli

अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने चुनावों में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे देश में “वोट चोर, गद्दी छोड़” का नारा गूंज रहा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि जल्द ही ‘डायनेमिक एक्सप्लोसिव’ सबूत पेश किए जाएंगे जो ‘हाइड्रोजन बम’ की तरह विस्फोटक साबित होंगे।

राहुल गांधी लगातार आरोप लगा रहे है कि बीजेपी और चुनाव आयोग की सांठगांठ से वोटर लिस्ट में फर्जी वोट जोड़े जाते हैं और इस तरह से वोट चोरी किए जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से अधिक फर्जी वोट होने का दावा किया था और डुप्लिकेट वोटर, फर्जी पते और फॉर्म-6 के दुरुपयोग के उदाहरण भी प्रस्तुत किए थे।

राहुल गांधी ने कहा ‘हाइड्रोजन बम आएगा तो सब साफ हो जाएगा’

दो दिवसीय रायबरेली दौरे के दूसरे दिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के बाद एक बार फिर बीजेपी पर वोट चोरी के आरोप लगाए। पत्रकारों से बात करते हुए में राहुल गांधी ने कहा कि ‘पूरे देश में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा चल रहा है। ये नारा आग जैसा फैल रहा है। अभी डायनेमिक एक्सप्लोसिव सबूत देने वाले हैं। देश के युवा सुन लें..वोट चोरी करके सरकारें बन रही हैं। हम गारंटी के साथ प्रूफ देंगे।’ इसी के साथ उन्होंने कहा कि मैं बीजेपी के लोगों को कहना चाहता हूं कि जब हाइड्रोजन बम आएगा तो सब साफ हो जाएगा।

रायबरेली दौरे पर फिर लगाए वोट चोरी के आरोप

बता दें कि राहुल गांधी दस सितंबर को लखनऊ से सड़क मार्ग से रायबरेली पहुंचे थे दौरे के पहले दिन उन्होंने हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों से मुलाकात की, प्रजापति समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित किया, गोरा बाजार चौराहे पर सम्राट अशोक स्तंभ का लोकार्पण किया और अमर शहीद वीरा पासी वन ग्राम में पौधारोपण किया। दूसरे दिन गुरुवार को उन्होंने सुबह जनप्रतिनिधियों, आम लोगों और संगठनों से मुलाकात की, उसके बाद दोपहर में दिशा की बैठक की अध्यक्षता की। इसके बाद एक बार फिर उन्होंने वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा है कि जल्द ही कांग्रेस हाइड्रोजन बम जैसा धमाका करने वाली है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews