
Rahul Gandhi, Priyanka Gandhi
दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करने और वहां प्रदर्शन करने से जुड़ा हुआ है। यह कार्रवाई विपक्षी सांसदों के चुनाव आयोग तक मार्च और प्रदर्शन के बाद की गई।
मंगलवार को विपक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी दल चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठा रहे हैं और आयोग के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। इसी को लेकर विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग तक मार्च किया था।
क्या है मामला
विपक्षी दलों के सांसद मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। उनका विरोध मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर था। विपक्षी सांसद चुनाव आयोग से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां रखने की मांग कर रहे थे। मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्वाचन आयोग के पास रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेता वहीं धरने पर बैठ गए।
बैरिकेड पार कर आकाशवाणी भवन पहुंचे राहुल-प्रियंका
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पार कर आकाशवाणी भवन की ओर चले गए। प्रियंका गांधी वाड्रा और कुछ अन्य नेता भी उनके साथ परिसर में पहुंच गए। आरोप है कि उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद वे अंदर चले गए और वहां धरना शुरू कर दिया। आकाशवाणी परिसर में मौजूद कर्मचारियों की ओर से उन्हें रोकने की कोशिश किए जाने की भी बात सामने आई है। विपक्षी नेताओं का कहना था कि वे चुनाव आयोग से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात की मांग को लेकर वहां बैठे हैं।
कई घंटे तक जारी रहा धरना प्रदर्शन
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेता कई घंटे तक आकाशवाणी परिसर में बैठे रहे। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली करने को कहा गया। इसके बाद शाम को पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं को हिरासत में लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर
घटना के बाद शिकायत आकाशवाणी भवन की ओर से शिकायत की गई और दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों पर बिना अनुमति परिसर में प्रवेश करने और प्रदर्शन करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

