कांग्रेस की हार पर राहुल गांधी ने कहा ‘विचारधारा की लड़ाई जारी रहेगी’, मल्लिकार्जुन खड़गे बोले ‘दुगने जोश से लोकसभा चुनाव की तैयारी करेंगे’

Rahul Gandhi

Assembly Election Results : मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी हार स्वीकार चुकी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि वो विपक्ष की भूमिका निभाएंगी। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे हैं, लेकिन वो इससे हताश नहीं हैं और दुगने जोश के सात लोकसभा चुनाव की तैयारी करेंगे। वहीं राहुल गांधी ने कहा कि इस जनादेश को वो स्वीकार करते हैं और विचारधारा की लड़ाई जारी रहेगी। इसी के साथ दोनों नेताओं ने तेलंगाना की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए वहां किए वादे पूरे करने की बात दोहराई।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया धन्यवाद

कांग्रेस के लिए ये नतीजे चौंकाने वाले हैं। मध्य प्रदेश में इस प्रचंंड हार के अलावा उसने दो राज्य खो दिए हैं। परिणामों के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा है कि ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर विश्वास और भरोसा जताने के लिए मैं तेलंगाना के मतदाताओं का धन्यवाद करता हूँ। मैं उन सभी का भी धन्यवाद करता हूँ जिन्होंने हमें छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश एवं राजस्थान में वोट दिया। ये चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहे हैं, परंतु हमें विश्वास है कि हम मेहनत एवं दृढ़निश्चय से मज़बूती से वापसी करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने पूरे दम ख़म के साथ इन चार राज्यों के चुनाव में भाग लिया। मैं अपने अनगिनत कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ। हमें इस हार से हताश हुए बग़ैर INDIA दलों के साथ, दोगुने जोश से लोक सभा चुनाव की तैयारी में लग जाना है।’

राहुल गांधी ने तेलंगाना के लिए वादा दोहराया

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद उम्मीद थी कि चुनावी नतीजों में उसका असर नजर आएगा। लेकिन इस अप्रत्याशित हार के बाद अब कई तरह के सवाल सामने है। फिलहाल इन नतीजों को लेकर राहुल गांधी ने ट्वीट किया है कि ‘मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का जनादेश हम विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं – विचारधारा की लड़ाई जारी रहेगी। तेलंगाना के लोगों को मेरा बहुत धन्यवाद – प्रजालु तेलंगाना बनाने का वादा हम ज़रूर पूरा करेंगे। सभी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत और समर्थन के लिए दिल से शुक्रिया।’ बता दें कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस लगातार भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी सहित तमाम मुद्दों के साथ मैदान में थी। लेकिन जनमत उनके पक्ष में नहीं आया है और कमलनाथ ने कहा है कि वो इन परिणामों को लेकर मंथन करेंगे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews