लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक गिरने के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को तमिलनाडु में अपनी चुनावी मुहिम तेज करते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष ने संविधान पर इस हमले को हरा दिया है। महिला आरक्षण के नाम पर लाए गए बिल का असली उद्देश्य राजनीतिक ताकत कमजोर करना था।
राहुल गांधी का भाजपा-आरएसएस पर तीखा हमला
तमिलनाडु के पोंनेरी में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा प्रहार किया है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि आरएसएस भाजपा को तमिलनाडु, तमिल भाषा और तमिल संस्कृति पर हमला करते हुए देखता हूं। मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं तमिल हूं। कल संसद में वे महिला आरक्षण से जुड़े बिल लेकर आए। लेकिन वे 2023 में महिला आरक्षण बिल पहले ही पास कर चुके थे। बिल के पीछे परिसीमन छिपा था। योजना थी कि भारत में तमिलनाडु का पुन: प्रतिनिधित्व कम किया जाए। हमने कल संसद भवन में उस बिल को हरा दिया। जब प्रधानमंत्री कहते हैं कि ‘एक देश, एक नेता, एक भाषा, एक लोग,’ तो वह भारत के संविधान पर हमला करते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जानते हैं कि वे तमिलनाडु के मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को कंट्रोल नहीं कर सकते। वे समझते हैं कि स्टालिन आजाद हैं और दबाव में नहीं झुकेंगे। इसीलिए वे उनकी जगह किसी ऐसे को लाना चाहते हैं जिसे वे कंट्रोल कर सकें। राहुल ने पीएम मोदी के लिए कहा कि आप जो चाहें सपने देखें, लेकिन असलियत तब साफ होगी जब चुनाव के नतीजे आएंगे। डीएमके-कांग्रेस गठबंधन तमिलनाडु में चुनाव जीतेगा, और नरेंद्र मोदी और अमित शाह वहां के लोगों की ताकत और इच्छाशक्ति देखेंगे।
कांग्रेस सांसद ने कहा, हमने साफ कहा है कि यह महिला आरक्षण बिल नहीं है, बल्कि यह भारत के राजनीतिक ढांचे को बदलने का एक तरीका है। महिलाओं के पीछे छिपकर देश के चुनावी मानचित्र को बदलने का प्रयास है। यह शर्मनाक कृत्य है क्योंकि यह सब भारत की महिलाओं के नाम पर किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने तमिलनाडु के लिए दी 6 गारंटी
राहुल गांधी ने अपनी अपनी चुनावी सभा के दौरान तमिलनाडु के लिए 6 गारंटी का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु ने भारत को आगे बढ़ने वाले विकास, सामाजिक न्याय और सभी के लिए सम्मान का रास्ता दिखाया है। भाजपा के हमले के सामने, तमिलनाडु की पहचान, उसकी संस्कृति और उसके लोगों की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन राज्य के साथ खड़ा है।
इस मॉडल को और मज़बूत करने के लिए, हम तमिलनाडु के लिए 6 गारंटी दे रहे हैं:
- महिलाओं के लिए 2000 रुपये/महीना
- सीनियर सिटिज़न्स और दिव्यांगों के लिए 2000 रुपये/महीना
- कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए 2000 रुपये/महीना स्कॉलरशिप
- परिवारों के लिए फ़ूड सिक्योरिटी पक्का करने के लिए 2500 रुपये/महीना
- 300 दिनों में सरकारी खाली जगहें भरी जाएंगी+ लोकल लोगों के लिए 60% रिज़र्वेशन (ग्रुप C और D)
- पहली बार घर खरीदने वाली महिलाओं के लिए फ़्री प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन
23 अप्रैल को तमिलनाडु में चुनाव
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को एक चरण में होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। इस बार मुकाबला मुख्य रूप से डीएमके-नेतृत्व वाले गठबंधन और एनडीए के बीच माना जा रहा है। वहीं, अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी भी चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में है। एआईएडीएमके और भाजपा पहले ही अपना घोषणापत्र जारी कर चुकी है।
LIVE: Public Meeting | Ponneri, Tamil Nadu https://t.co/lJ6OWu6hDX
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 18, 2026





