
Rajasthan Weather: राजस्थान में आज शनिवार को भी भारी बारिश, मेघगर्जन और बिजली गिरने चमकने का अलर्ट जारी किया गया है। आज 13 जुलाई को 20 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के लिए येलो अलर्ट तो 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान उत्तरी क्षेत्र के जिलों में 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है।
15-16 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
- आज शनिवार 13 जुलाई को भी उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग व आसपास के कुछ भागों में मध्यम से तेज मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के आंधी बारिश व कहीं-कहीं भारी बारिश की प्रबल संभावना है। आगामी दो-तीन दिन कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
- 16 जुलाई से पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी राजस्थान में 18 जुलाई से कुछ भागों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेगी , जिससे कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं।बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 2-3 दिन हल्की मध्यम बारिश और जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी 3-4 दिन मौसम मुख्यतया शुष्क रहने की संभावना है।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
राजस्थान मौसम विभाग के मुताबिक अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करोली, कोटा, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और गंगानगर में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट किया गया है। गंगानगर, हनुमानगढ, जयपुर, दौसा, भीलवाड़ा, अजमेर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। शेष जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे का बारिश का रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों में बीकानेर ,चुरू, गंगानगर, हनुमानगढ़, बूंदी, जयपुर व झुंझुनू जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी राजस्थान में सर्वाधिक बारिश बूंदी में 86.0 मिमी व पश्चिमी राजस्थान के मुकलावा, श्रीगंगानगर में 97 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार को गंगानगर के अनूपगढ़, श्रीकरणपुर, हनुमानगढ़ के रावतसर, केकड़ी के टोड़ारायसिंह, बूंदी, हिंडोली, तालेड़ा, जयपुर ग्रामीण सहित कई जगहों पर 60 से 100 एमएम के बीच वर्षा दर्ज की गई।


12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

