चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: पश्चिम बंगाल में 2 मई को 15 बूथों पर दोबारा होगा मतदान, गड़बड़ी की मिली थी शिकायत

पश्चिम बंगाल में 2 मई 2026 को दक्षिण 24 परगना के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर दोबारा मतदान होना है। इस संबंध में चुनाव आयोग ने आदेश भी जारी कर दिया है।
Re-polling at 15 booths in West Bengal

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल आने के बाद कई जगहों पर हंगामे की स्थिति देखी जा रही है। सभी की नजरें 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई है। वहीं, राज्य में 29 अप्रैल को हुए दूसरे चरण के मतदान के समय कई बूथों पर बवाल हुआ था और ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें भी आई थीं। जिसको लेकर अब चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। बंगाल के कुल 15 बूथ केंद्रों पर 2 मई को दोबारा मतदान होगा। इस संबंध में चुनाव आयोग ने आदेश जारी कर दिया है।

किन बूथों पर होगा दोबार मतदान?

चुनाव आयोग के अनुसार, दक्षिण 24 परगना के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर 2 मई को दोबारा मतदान होगा। चुनाव सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। इस फैसले के बाद अधिकारियों को तुरंत तैयारी और सूचना प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।

मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों पर दोबार मतदान

  • 46-उत्तर येअरपुर एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.2
  • 126-नजरा एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.1
  • 127-नजरा एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.2
  • 128-देउला एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.1
  • 142-घोला नयापारा गर्ल्स हाई मदरसा, कमरा नं.2
  • 214-एकतारा मालय एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.1
  • 215-एकतारा मालय एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.2
  • 216-एकतारा मालय धोड़ा एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.1
  • 230-बाहिरपुर कुरकुरिया एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.1
  • 231-बाहिरपुर कुरकुरिया एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.2
  • 232-बाहिरपुर कुरकुरिया एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.3

डायमंड हार्बर में 04 बूथों पर फिर से मतदान

  • 117-बागदा जूनियर हाई स्कूल
  • 179-चंदा एफ.पी. स्कूल, कमरा नं.2
  • 194-हैंडेयपुर एफ.पी. स्कूल
  • 243-रायनगर एफ.पी. स्कूल (कमरा नं.2)

चुनाव आयोग ने आदेश में यह भी कहा कि मतदान क्षेत्र में ढोल बजाकर ज्यादा से ज्यादा प्रचार किया जाना चाहिए और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को उस तारीख को होने वाले नए मतदान की जानकारी लिखकर दी जानी चाहिए। कृपया संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर/पर्यवेक्षक को तुरंत बताएं और उन्हें आयोग को बताते हुए उसी हिसाब से काम करने का निर्देश दें।

क्यों हो रहा 15 बूथों पर दोबारा मतदान?

बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। इस दौरान कई बूथों से ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा दर्ज कराई गईं। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया था कि जहां भी गड़बड़ी की पुष्टि होगी, वहां दोबारा मतदान कराया जाएगा।

दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान कई स्थानों से हिंसा और तनाव की खबरें भी सामने आईं। दक्षिण 24 परगना के कुछ बूथों पर ईवीएम पर टेप लगे होने के आरोप लगाए गए, जबकि कुछ जगहों पर कैमरे बंद होने जैसी अनियमितताओं की भी शिकायतें मिलीं। अब जिन बूथों पर शिकायतें सही पाई गई हैं, वहां चुनाव आयोग द्वारा दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया गया है।

नतीजों से पहले कोलकाता में हंगामे की स्थिति

बता दें कि एक तरफ जहां लोगों को 4 मई को आने वाले नतीजों का इंतजार है तो वहीं दूसरी ओर गुरुवार शाम को तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर बैलेट बॉक्स को खोलने का आरोप लगाया। इन आरोपों के बाद कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में एक मतगणना केंद्र के बाहर भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। वहीं टीएमसी उम्मीदवार कुणाल घोष और शशि पांजा ने मतगणना केंद्र के गेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

टीएमसी और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और नारेबाजी को देखते हुए कुछ ही घंटों बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौके पर पहुंच गईं। वहीं चुनाव आयोग ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया है। आयोग ने कहा कि मतगणना केंद्रों पर किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं है और ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ की 24 घंटे सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है।

Image

Image

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews