
Byjus Employees March Salary payment : एडटेक कंपनी बायजूस के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। मार्च की सैलरी को लेकर ताजा अपडेट आया है। कर्मचारियों को 8 अप्रैल तक मार्च की सैलरी मिल जाएगी। बायजूस के प्रबंधन ने कर्मचारियों को ई-मेल भेजकर जानकारी दी है और आश्वासन दिया है कि वह कर्मचारियों को आठ अप्रैल तक वेतन वितरण के लिए काम कर रही है।
पिछले महीने भी हुई थी देरी
यह दूसरा मौका होगा जब कर्मचारियों की सैलरी में देरी हो रही है। इससे पहले जनवरी फरवरी में भी कर्मचारियों की सैलरी में देरी की गई थी, जिसके चलते कर्मचारियों ने नाराजगी जताई थी। बायजूस में अभी 15 हजार से ज्यादा एम्प्लॉइज काम करते हैं। सभी एम्प्लॉइज को उम्मीद थी कि उन्हें उनकी सैलरी सोमवार को मिल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
फरवरी में एक ईमेल में बायजू रवींद्रन ने लिखा था मैं महीनों से वेतन का भुगतान करने के लिए बहुत जूझ रहा हूं और इस बार यह सुनिश्चित करने के लिए कि आपको समय पर आपका वेतन मिले, संघर्ष और भी बड़ा था। कंपनी ने फरवरी के वेतन का एक हिस्सा कर्मचारियों को दे दिया है और कहा है कि राइट्स इश्यू फंड उपलब्ध होने पर शेष रकम का भुगतान किया जाएगा।
8 अप्रैल तक मार्च के वेतन भुगतान करने का आश्वासन
नकदी के संकट से जूझ रही (Byju’s) कंपनी ने 1 अप्रैल को अपने कर्मचारियों को एक ईमेल भेजा है, जिसमें लिखा है कि कुछ विदेशी निवेशकों ने फरवरी के आखिर में एक अंतरिम आदेश प्राप्त कर लिया है, जिसने सफल राइट्स इश्यू के माध्यम से जुटाए गए धन के इस्तेमाल को प्रतिबंधित कर दिया है। चार विदेशी निवेशकों की इस गैर-जिम्मेदाराना कार्रवाई ने हमें प्रतिबंध हटने तक वेतन के वितरण को अस्थायी रूप से रोकने के लिए मजबूर किया है। बायजू ने कर्मचारियों को यह आश्वासन भी दिया है कि वह कर्मचारियों को आठ अप्रैल तक वेतन वितरण के लिए काम कर रही है।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

