Grok AI से आपत्तिजनक कंटेंट हटाएं.. भारत सरकार ने एलन मस्क की कंपनी X को जारी किया नोटिस, कहा- ’72 घंटे के भीतर भेजें रिपोर्ट’

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 2 जनवरी 2026 को एक नोटिस जारी किया है जिसमें कहा गया है कि ग्रोक के जरिए अश्लील और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक कंटेंट बनाए जाने और फैलाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
Notice Grok AI

भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने 2 जनवरी 2026 को एक नोटिस जारी किया है जिसमें कहा गया है कि ग्रोक (Grok) के जरिए अश्लील और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक कंटेंट बनाए जाने और फैलाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

मंत्रालय ने कहा है कि कुछ लोग फर्जी अकाउंट बनाकर महिलाओं की तस्वीरों और वीडियो से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर रहे हैं। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि महिलाओं और बच्चों की गरिमा, गोपनीयता और सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। इसके साथ ही सरकार ने X को 72 घंटों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) भेजने का आदेश दिया है।

बता दें कि बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जनरेटिव AI चैटबॉट Grok का दुरुपयोग बढ़ता जा रहा था, जिसमें यूजर्स इसे अश्लील कंटेंट करके इस्तेमाल कर रहे थे। इस बढ़ते ट्रेंड पर केंद्र सरकार की चिंता बढ़ी और अब भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (IT मिनिस्ट्री) ने सख्त कार्रवाई करते हुए X को आदेश दिया है कि वह अपनी Grok AI तकनीक की समीक्षा तुरंत करे।

इसके साथ ही सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का पालन नहीं होने पर X को आईटी कानून के तहत मिलने वाली कानूनी छूट समाप्त की जा सकती है और कंपनी तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्र सरकार को लिखा था पत्र

बता दें कि इस मामले को लेकर शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी शुक्रवार को केंद्र सरकार को एक पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने AI ऐप्स के सोशल मीडिया पर बिना इजाजत के महिलाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल करके उन्हें सेक्शुअलाइज करने और उनके कपड़े उतारने के बढ़ते मामलों के मामले में माननीय IT मंत्री से तुरंत ध्यान देने और दखल देने की मांग की थी।

उन्होंने आगे कहा था कि Grok जैसे फीचर्स से ऐसी सुरक्षा व्यवस्था बनानी होगी जो महिलाओं की इज्ज़त का उल्लंघन न करे, बड़ी टेक कंपनियों को यह ज़िम्मेदारी लेनी होगी। और मैं चाहती हूं कि ऐसा करने वाले पुरुषों को उनके घरों और स्कूलों में बेहतर शिक्षा मिले ताकि वे बड़े होकर ऐसे बीमार बिगड़े हुए इंसान न बनें।

प्रियंका चतुर्वेदी ने सरकार का जताया आभार

केंद्र सरकार द्वारा X को जारी किए नोटिस के बाद सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रियंका ने कहा कि मैं इस अवसर पर आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव को मेरे पत्र पर तुरंत ध्यान देने और एआई संचालित ग्रोक द्वारा महिलाओं के बारे में समस्याग्रस्त सामग्री तैयार करने के संबंध में X प्लेटफॉर्म को एक पत्र जारी करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, जो महिलाओं की गरिमा का अनादर करता है और उनकी सहमति का उल्लंघन करता है, जिससे इन प्लेटफार्मों पर उन्हें चुप करा दिया जाता है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews