Hindi News

‘यह शर्म की बात है कि भारत के पास अपना ऑपरेटिंग सिस्टम नहीं..’ सैम पित्रोदा के बयान पर मचा बवाल, बीजेपी ने किया पलटवार

Written by:Gaurav Sharma
Published:
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के एक बयान ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने भारत में खुद का ऑपरेटिंग सिस्टम न होने को 'शर्म की बात' बताया, जिसके बाद बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए स्वदेशी OS की सूची जारी की और उन पर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया।
‘यह शर्म की बात है कि भारत के पास अपना ऑपरेटिंग सिस्टम नहीं..’ सैम पित्रोदा के बयान पर मचा बवाल, बीजेपी ने किया पलटवार

नई दिल्ली: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि यह ‘शर्म की बात’ है कि भारत जैसा 1.5 अरब लोगों का देश अपना खुद का ऑपरेटिंग सिस्टम (OS) नहीं बना सका है। उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कड़ी आपत्ति जताते हुए उन पर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया है और पलटवार किया है।

पित्रोदा ने अपनी टिप्पणी में इस बात पर जोर दिया कि भारत ने बड़ी संख्या में ‘रॉ टैलेंट’ तो तैयार किया है, लेकिन इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से दूसरों की सेवा के लिए हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रतिभा ने दुनिया भर की मल्टीनेशनल कंपनियों को उनके सिस्टम बनाने में मदद की, लेकिन देश खुद माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी कंपनी या अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नहीं बना पाया।

पित्रोदा ने क्या कहा?

अपने इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने भारत की तकनीकी प्रगति पर सवाल उठाते हुए कहा, “हमने बहुत सारा टैलेंट तैयार किया है, लेकिन यह रॉ है। इसमें अधिकतर लोगों ने दुनियाभर में मल्टीनेशनल कंपनियों को उनकी प्रोग्रामिंग, बैंकिंग, लीगल सिस्टम और लॉजिस्टिक्स में मदद की है।”

“यह शर्म की बात है कि 1.5 बिलियन वाले देश के पास अपना ऑपरेटिंग सिस्टम नहीं है। हम मोबाइल के लिए भी एक ऑपरेटिंग सिस्टम नहीं बना सके हैं। हमने सच में अपने टैलेंट को दूसरों की सेवा के लिए उपयोग किया है।”- सैम पित्रोदा

उन्होंने आगे कहा कि भारत ने अपने खुद के उत्पाद बनाने के बजाय अपनी स्किल्स का इस्तेमाल दूसरों की सेवा करने में किया, जो देश की क्षमता का सही उपयोग नहीं है।

स्वदेशी OS की लिस्ट के साथ BJP का पलटवार

सैम पित्रोदा के इस बयान के बाद बीजेपी ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पित्रोदा पर झूठ बोलकर भारत का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने पित्रोदा को ‘लश्कर ए कांग्रेस का चीफ एडवाइजर’ कहते हुए कहा कि उनका एजेंडा सिर्फ भारत को बुरा बोलना है।

पूनावाला ने पित्रोदा के दावों को खारिज करते हुए भारत में विकसित हुए ऑपरेटिंग सिस्टम की एक लिस्ट भी जारी की। उन्होंने कहा, “अंकल सैम झूठ बोलकर भारत का मजाक उड़ाते हैं और कहते हैं कि भारत को शर्म आनी चाहिए।” बीजेपी प्रवक्ता ने BOSS Linux, Maya OS, PrimeOS, BharOS, Indus OS और NxtQuantum OS जैसे कई स्वदेशी ऑपरेटिंग सिस्टम का जिक्र किया।

इसके अलावा, पूनावाला ने यूपीआई (UPI), वैक्सीन विकास और हाल के आर्थिक विकास के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस का एकमात्र काम झूठ बोलकर भारत को नीचा दिखाना है। इस बयानबाजी ने एक बार फिर कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी घमासान तेज कर दिया है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews