
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन को खास बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। बुधवार से सेवा पखवाड़ा शुरू होगा, जिसमें उद्घाटन, शिलान्यास और जनकल्याण योजनाओं का ऐलान किया जाएगा। पहले दिन कर्त्तव्य पथ पर वॉक एंड हेल्थ कैंप से इसकी शुरुआत होगी। त्यागराज स्टेडियम में बड़े अस्पतालों के नए ब्लॉकों का उद्घाटन, बुराड़ी में डायलिसिस मशीनें और आयुष्मान आरोग्य मंदिर की शुरुआत होगी। टीबी उन्मूलन अभियान और ऑर्गन ट्रांसप्लांट पोर्टल भी लॉन्च होंगे। दिल्ली सरकार का मकसद स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और लोगों को लाभ पहुँचाना है।
नई योजनाओं की बहार, शिक्षा से खेल तक खास पहल
सेवा पखवाड़े में शुक्रवार से तीन नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे — साइंस ऑफ लिविंग, नीव और नरेंद्र मोदी सागा। 29 सितंबर को सीएम स्कूलों का उद्घाटन होगा और ‘निपुण संकल्प’ योजना लागू होगी। खेल प्रेमियों के लिए हिरण कुदना में 200 मीटर का एथलेटिक्स ट्रैक बनकर तैयार होगा। 23 सितंबर को नई बसें और पीओएस मशीनें शुरू की जाएंगी। 28 सितंबर को 100 नई बसें और रूट रेशनलाइजेशन योजना लागू होगी। 30 सितंबर को ओखला में जल उपचार संयंत्र शुरू होगा। ये सभी योजनाएं लोगों के जीवन को सुविधाजनक बनाने और शिक्षा-स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए बनाई गई हैं।
स्वास्थ्य, संस्कृति और समाज सेवा के लिए विशेष कार्यक्रम
सेवा पखवाड़े में स्वास्थ्य, समाज सेवा और संस्कृति से जुड़े कई आयोजन होंगे। एम्स और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में महिलाओं व बच्चों की स्वास्थ्य जांच होगी। कर्त्तव्य पथ पर रक्तदान शिविर लगेगा, जिसमें एक हजार यूनिट ब्लड इकट्ठा करने का लक्ष्य रखा गया है। 19 सितंबर को ‘विकसित भारत के रंग, कला के संग’ कार्यक्रम होगा, जिसमें 10 किलोमीटर लंबी कैनवस पेंटिंग बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। नंद नगरी में फ्लाईओवर और वृद्धावस्था पेंशन योजना की शुरुआत होगी। विभिन्न इलाकों में सीवर, जल संयंत्र और फायर स्टेशन जैसी सुविधाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
बच्चों का गीत और खास यादें, सेवा पखवाड़े की नई पहचान
दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर खास गीत ‘नमो प्रगति दिल्ली-बाल स्वर से राष्ट्र स्वर तक’ लॉन्च किया। इसमें सरकारी स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया। करीब 400 छात्र-छात्राओं ने लेखन, संगीत और नृत्य में योगदान दिया। बच्चों ने 300 से ज्यादा शुभकामना कार्ड भी बनाए, जिन्हें प्रधानमंत्री तक पहुँचाया जाएगा। साथ ही एम्स में स्क्रीनिंग शिविर और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में सफाई अभियान होगा। इस सेवा पखवाड़े में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, संस्कृति और समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रमों की भरमार रहेगी।
