क्या कांग्रेस से नाराज हैं शशि थरूर! राहुल गांधी से पूछा ‘पार्टी में मेरी भूमिका क्या है’

कांग्रेस सांसद ने अपनी उपेक्षा की बात कहते हुए पार्टी नेतृत्व से अपनी भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है। लेकिन उनकी शिकायतों का समाधान अब तक नहीं हुआ है। दरअसल, कांग्रेस उन बयानों से असंतुष्ट है जिसमें थरूर ने प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा की सराहना की थी। उनकी विचारधारा कई मौकों पर कांग्रेस की आधिकारिक लाइन से भिन्न रही है, जिससे पार्टी के साथ उनके संबंधों में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है।
Shashi Tharoor

Shashi Tharoor vs Congress : क्या शशि थरूर और कांग्रेस पार्टी के बीच सबकुछ ठीक है ? हाल के घटनाक्रम से इनके बीच तनातनी के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पार्टी नेतृत्व से अपनी भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है। पिछले दिनों राहुल गांधी के साथ उनकी मुलाकात हुई और इस दौरान उन्होंने पार्टी में खुद को नजरअंदाज किए जाने की बात कही। हालांकि, उनकी शिकायतों का समाधान अब तक नहीं हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के भीतर शशि थरूर के कुछ बयानों और लेखों से असंतोष है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा और डोनाल्ड ट्रंप से उनकी मुलाकात पर थरूर के विचार पार्टी की आधिकारिक नीति से भिन्न थे। इसके अलावा, केरल की एलडीएफ सरकार की औद्योगिक नीति की सराहना करने वाले उनके लेख के बाद भी केरल कांग्रेस के भीतर असहमति बढ़ गई है।

शशि थरूर ने राहुल गांधी से किए सवाल

शशि थरूर ने हाल ही में दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूछा कि कांग्रेस में उनका रोल क्या है। थरूर इस बात से भी नाराज हैं कि उन्हें संसद में महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोलने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि वे पार्टी नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं, लेकिन उन्हें यह भूमिका नहीं दी जा रही। वे ये भी स्पष्ट करना चाहते थे कि क्या पार्टी चाहती है कि वे राज्य की राजनीति पर ध्यान केंद्रित करें, लेकिन राहुल गांधी ने इस पर कोई सीधा जवाब नहीं दिया है।

थरूर के कुछ बयानों से कांग्रेस में असंतोष

बता दें कि कुछ समय पहले शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा की सराहना की थी, जिसे लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर असंतोष पैदा हुआ है। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जो देश के लिए लाभदायक हैं। उन्होंने न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए कहा था कि वे सही कार्यों की प्रशंसा और गलतियों की आलोचना में विश्वास रखते हैं, चाहे वह किसी भी पार्टी से संबंधित हो। इसके अलावा केरल की एलडीएफ सरकार की औद्योगिक नीति की प्रशंसा करने वाले एक लेख ने केरल कांग्रेस के भीतर असंतोष उत्पन्न किया है। इस लेख में थरूर ने राज्य में उद्यमशीलता और स्टार्टअप क्षेत्र में हुई प्रगति की सराहना की थी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews