राम की शरण में पहुंचे ‘शिव’, केरल में बिता रहे हैं फुर्सत के पल

Shivraj

Shivraj Singh Chouhan Kerala Visit : शिवराज सिंह चौहान इन दिनों केरल यात्रा पर हैं। शुक्रवार को उन्होने नालंबलम मंदिर समूह में स्थित श्री राम मंदिर में प्रभु राम के दर्शन किए। इससे पहले वे शिव मंदिर भी गए थे। इसी के साथ वे राजनीतिक कार्यक्रमों में भी शामिल हो रहे हैं तथा योजनाओं के हितग्राहियों से भी मिल रहे हैं। अपनी केरल यात्रा के दौरान के कई स्थानों का भ्रमण कर रहे हैं और मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

श्रीराम मंदिर पहुंचकर किए दर्शन

पूर्व मुख्यमंत्री इन दिनों फुर्सत का समय बिता रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें देखकर तो ऐसा ही लगता है। अपनी केरल यात्रा के दौरान कभी वो कोट्टयम के मनोरम दृश्यों का आनंद लेते नजर आते हैं और कवि हृदय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हैं तो कभी महादेव मंदिर में स्वच्छता अभियान में भाग लेते हैं। आज उन्होने राम मंदिर में दर्शन किए और अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया है कि “भगवान श्रीराम उत्तर से चलकर दक्षिण आए और अपनी चरण रज से इस भूमि को पवित्र किया। केरल की प्राचीन भूमि में आज भी वह दिव्य चेतना स्पंदित तथा अक्षुण्ण है, जो प्रभु श्रीराम के स्पर्श तथा दर्शन से प्रस्फुटित हुई थी। आज केरल के नालंबलम मंदिर समूह में स्थित श्री राम मंदिर, लक्ष्मण स्वामी मंदिर, भरत स्वामी मंदिर और शत्रुघ्न स्वामी मंदिर में दर्शन का सौभाग्य मिला। 3 किलोमीटर की परिधि में रामपुरम पंचायत में स्थित ये चारों मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। राम जी अपने भाइयों सहित हमारे हृदय में निवास करें, जगत का कल्याण हो, यही कामना है।”

विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए

इससे पहले वे केरल के कालड़ी में सनातन धर्म के पुनरूद्धारक भगवदपाद आद्य शंकराचार्य जी के जन्मस्थान के दर्शन करने भी पहुंचे थे। उन्होने यहां के प्रसिद्ध एट्टूमानूर महादेव मंदिर में दर्शन तथा पूजन भी किया। इसी के साथ वो कुछ राजनीतिक कार्यक्रमों में भी शिरकत कर रहे हैं। शिवराज केरल के चिगवनम में विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए। इसी के साथ उन्होने पाला में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर केंद्र सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद भी किया।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews