उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने की सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट, नशे की रोकथाम को लेकर कार्रवाई के लिए किया आग्रह

Shukla Meets Yogi: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से बीती रात लखनऊ में मध्य प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शिष्टाचार भेंट की। इस भेंट के दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और राज्यों के विकास के लिए आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
yogi meets shukla

Shukla Meets Yogi: गुरुवार रात लखनऊ में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शुक्ल ने उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से मध्य प्रदेश, खासकर विंध्य क्षेत्र के जिलों में बिक रहे मादक पदार्थ कोडिन फॉस्फेट (कोरेक्स) पर गंभीर चिंता जताई।

शुक्ल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया कि उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से मध्य प्रदेश, विशेषकर विंध्य क्षेत्र के जिलों में कोडिन फॉस्फेट (कोरेक्स) का अवैध विक्रय हो रहा है। यह मादक पदार्थ युवाओं में नशे की लत बढ़ा रहा है, जिससे समाज में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने आग्रह किया कि इस समस्या के समाधान के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।

शुक्ल ने जोर देकर कहा कि कोडिन फॉस्फेट जैसे मादक पदार्थों की अवैध तस्करी रोकना जरूरी है ताकि युवाओं को इस खतरनाक नशे से बचाया जा सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश सरकार इस दिशा में तुरंत और प्रभावी कदम उठाएगी।

विंध्य क्षेत्र में नशे की लत का असर

विंध्य क्षेत्र में नशे की लत ने कई युवाओं के जीवन को प्रभावित किया है। मादक पदार्थों की आसान उपलब्धता और बढ़ते उपयोग के कारण वहां की सामाजिक और आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है। सरकार द्वारा उठाए गए कदम और सख्त कार्रवाई से इस समस्या पर काबू पाया जा सकता है।

सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप मुख्यमंत्री शुक्ल की चिंताओं को गंभीरता से सुना और मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में पूरी सख्ती से निपटेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews