
Sister strangles 12-year-old brother : किसी भी घर में भाई बहनों में लड़ाई सामान्य बात है। अक्सर ये शिकायत भी देखने सुनने में आती है जब एक भाई या बहन की शिकायत होती है कि मम्मी-पापा उसे कम प्यार करते हैं, दूसरे को ज्यादा। लेकिन क्या इस शिकायत के चलते कोई बच्चा हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे सकता है। हरियाणा से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी के भी होश उड़ जाएंगे।
बल्लभगढ़ के कोलीवाडा में 15 साल की लड़की ने अपने 12 साल के भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। उसका कहना था कि माता-पिता बेटे से ज्यादा प्यार करते हैं। घटना के वक्त भाई-बहन घर में अकेले थे। उनके माता पिता शाम को घर लौटे तो देखा कि बेटा चादर ओढ़कर बेसुध पड़ा है। उन्होने उसे उठाने की बहुत कोशिश की लेकिन वो नहीं उठा। तब जाकर उन्हें अहसास हुआ कि उसकी मौत हो चुकी है। मां ने बेटे को ध्यान से देखा तो उसे ये अंदाज़ा हुआ कि किसी ने बच्चे का गला दबाया है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई और जब पुलिस ने आकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। 15 साल की लड़की का कहना है कि उससे मम्मी पापा भाई को ज्यादा प्यार करते थे। वहीं उसे मोबाइल पर गेम भी नहीं खेलने तेदे थे। उसने कहा कि इसी गुस्से के कारण उसने भाई का गला दबा दिया, लेकिन उसे पता नहीं था कि इससे उसकी मौत हो जाएगी। ये बात लड़की ने खुद कही है और इसके बाद अब उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। ये घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं माता पिता का बुरा हाल है, उनके एक बच्चे की मौत हो चुकी है और दूसरी बच्ची पर इस हत्या का आरोप है। इस घटना से ये सबक भी मिलता है कि बच्चों के साथ समान व्यवहार किया जाना कितना जरुरी है। उनके कोमल मन को जाने कब किस बात से गहरी चोट पहुंच सकती है। इस केस से अलग हटकर देखें तो इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि अब भी कई परिवारों में बेटे को बेटी से अधिक तवज्जो मिलती है। कई बार बच्चों को इस बात की गलतफहमी भी हो जाती है कि उसके भाई या बहन को ज्यादा प्यार किया जाता है। इसलिए बच्चों के साथ बहुत संवेदनशीलता से पेश आना जरुरी है साथ ही एक स्वस्थ संवाद भी कायम किया जाना चाहिए।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

