कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान चोरबागान सर्वजनीन पूजा पंडाल के बाहर भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने की खबर सामने आई है। दरअसल सप्तमी की शाम बारिश के बीच पंडाल में प्रवेश के लिए इंतजार कर रहे लोगों के आगे बढ़ने से अफरा-तफरी फैल गई। शुरुआती जानकारी में 17 लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की बात कही गई है। हालांकि आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

वहीं कोलकाता पुलिस के मुताबिक करीब 35 लोगों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद पंडाल को दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया।

ममता बनर्जी ने जताया दुख


वहीं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चोरबागान पूजा पंडाल में हुई घटना पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भगदड़ की खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा है। उन्होंने मां दुर्गा से घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की और प्रभावित परिवारों को इस मुश्किल समय में हिम्मत मिलने की कामना की।

कुणाल घोष ने घटना को बेहद दुखद बताया

वहीं तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि घायल श्रद्धालुओं को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और इस समय सबसे जरूरी लोगों की जान बचाना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सहयोग की बात कही और अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने की अपील की। कुणाल घोष के मुताबिक पंडाल के अंदर भी बचाव का काम जारी था और पार्टी के कार्यकर्ता प्रशासन की मदद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि घटना कैसे हुई इस पर बाद में बात की जा सकती है लेकिन फिलहाल घायलों को इलाज दिलाना प्राथमिकता है।

35 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया: कोलकाता पुलिस

कोलकाता पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7:40 बजे बारिश के बीच पंडाल में दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के चलते गिरीश पार्क थाना क्षेत्र के शारदा पार्क (चोरबागान) पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भगदड़ मच गई। पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MCH) भेज दिया गया है। अब तक करीब 35 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद पूजा पंडाल को दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने जताया दुख


पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रवि ने कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान हुई मौतों पर गहरा दुख जताया। लोक भवन, पश्चिम बंगाल के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जारी संदेश में उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की।