“लोगों की सेवा करने की इच्छा..” CM थलापति विजय के करीबी एक्टर राघव लॉरेंस जल्द करेंगे राजनीति में एंट्री, खुद ने किया बड़ा खुलासा

तमिल सिनेमा के दिग्‍गज एक्‍टर-डायरेक्‍टर राघव लॉरेंस जल्द ही राजनीति में एंट्री करने वाले हैं। इस बात की पुष्टि उन्होंने खुद की है। उन्होंने कहा कि मेरा यह फैसला बिना किसी उम्मीद के लोगों की सेवा करने की इच्छा से प्रेरित है। राघव को थलापति विजय का करीबी माना जाता है।
Raghava Lawrence

तमिल सिनेमा के कई अभिनेता और अभिनेत्रियां ऐसी हैं जिन्होंने सिनेमा के साथ राजनीति की दुनिया में भी खूब पहचान कमाई है। ताजा उदाहरण हाल ही का है। थलापति विजय ने जहां सिनेमा में नाम कमाया तो वहीं राजनीति में उतरकर पुरानी पार्टियां DMK और AIADMK को तक चारों खाने चित करके तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने हैं। अब तमिल सिनेमा के एक और एक्टर की राजनीति में एंट्री होने वाली है।

थलपति विजय के करीबी और तमिल सिनेमा के दिग्‍गज एक्‍टर-डायरेक्‍टर राघव लॉरेंस राजनीति में एंट्री करने वाले हैं। इसकी पुष्टि अब उन्होंने खुद कर दी है। मीडिया से बात करते हुए एक्टर राघव लॉरेंस ने कहा कि वह जल्द ही अपने राजनीतिक जीवन के बारे में घोषणा करने वाले हैं। आने वाले दिनों में मैं इससे जुड़ी जरूरी बातें अपने फैंस के साथ शेयर करूंगा।

एक्टर ने कहा, मौजूदा राजनीतिक और सोशल हालात ने उन्हें राजनीति में आने के बारे में सोचने पर मजबूर किया है। मेरा यह फैसला बिना किसी उम्मीद के लोगों की सेवा करने की इच्छा से प्रेरित है। मैं जनता के समर्थन और सुझावों को महत्व देता हूं।

उपचुनाव में राघव को उम्मीदवार बना सकती है TVK

राघव लॉरेंस की यह घोषणा ऐसे समय में सामने आई है, जब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) उन्हें आगामी उपचुनाव में तिरुचिरापल्ली ईस्ट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। यह सीट पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है।

राघव ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

राघव लॉरेंस ने कहा कि वह पहले जनता की राय जानना चाहते हैं और उसके बाद ही कोई अंतिम निर्णय लेंगे। 12 जून को सोशल मीडिया पर साझा किए गए करीब 18 मिनट लंबे वीडियो में राघव लॉरेंस ने अपने जीवन और राजनीति से जुड़े अनुभवों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, मैं हमेशा बिना किसी अपेक्षा के ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभाने में विश्वास करता हूं और उसी सोच के साथ जीवन जीता हूं।

राघव ने बताया कि राजनीति से उनका जुड़ाव वर्ष 2017 में जल्लीकट्टू के समर्थन में हुए आंदोलन के दौरान शुरू हुआ। उस समय उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बन गई थी, जबकि उनका उद्देश्य केवल आंदोलन में शामिल युवाओं और बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था करना था। उन्होंने कहा कि उस घटना के बाद लोगों ने उन्हें सामाजिक और सार्वजनिक मुद्दों से जुड़े व्यक्ति के रूप में देखना शुरू किया।

राघव लॉरेंस की सुपरहिट फिल्में

दक्षिण भारत में राघव की फिल्में बड़े पर्दे पर खूब धूम मचाती हैं। उन्‍होंने ‘मुनी’, ‘डॉन’, ‘कंचना’, ‘रेबेल’, ‘कंचना 2’, ‘कंचना 3’ और ‘लक्ष्‍मी’ जैसी कुल 9 फिल्‍में डायरेक्‍ट की हैं और इनमें काम भी किया है। इसके अलावा 2004 में उन्होंने नागार्जुन की फिल्म ‘मास’ को भी डायरेक्ट किया था।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews