तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, रखीं कई अहम मांगें

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर आदिलाबाद एयरपोर्ट पर कार्गो और MRO सुविधाओं सहित कई अहम मांगें रखीं है। चलिए जानते हैं इस मुलाकात की अहम बातें।
तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात, रखीं कई अहम मांगें

सोमवार, 22 जून 2026 को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने नई दिल्ली के कर्तव्य पथ स्थित कर्तव्य भवन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस अहम बैठक में मुख्यमंत्री रेड्डी ने प्रदेश में क्षेत्रीय ढांचे को मजबूत करने और रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए कई अहम मांगें रखीं। उन्होंने खास तौर पर आदिलाबाद एयरपोर्ट पर कार्गो टर्मिनल, मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO) सुविधाओं के साथ हैंगर बनाने में केंद्र से सहयोग मांगा।

दरअसल मुख्यमंत्री रेड्डी ने राजनाथ सिंह से महबूबनगर जिले के देवराकादरा में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) या रक्षा अनुसंधान और विकास प्रयोगशाला (DRDL) की परियोजना को जल्द मंजूरी देने की भी मांग की। यह परियोजना पहले ही चुनी जा चुकी है और मुख्यमंत्री ने इसकी प्रक्रिया को तेज करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री रेड्डी ने रखी ये मांग

वहीं बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गांधी सरोवर परियोजना के लिए जरूरी रक्षा भूमि देने पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताया। उन्होंने इस सहयोग को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। आदिलाबाद एयरपोर्ट को राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में बताते हुए मुख्यमंत्री रेड्डी ने भूमि अधिग्रहण और जरूरी सुविधाओं के स्थानांतरण के मामले में तेलंगाना सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता के लिए इस एयरपोर्ट के रणनीतिक महत्व पर भी जोर दिया। रेड्डी ने बताया कि आदिलाबाद एयरपोर्ट को फिलहाल भारतीय वायु सेना की देखरेख में विकसित किया जा रहा है।

केंद्र सरकार से आग्रह किया

दरअसल एविएशन हब के रूप में तेलंगाना के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह भारतीय वायु सेना टर्मिनल और यात्रियों के लिए प्रस्तावित सिविल एविएशन टर्मिनल के साथ-साथ कार्गो टर्मिनल, MRO सुविधाएं और हैंगर बनाने में सक्रिय सहयोग करे। रेड्डी ने रक्षा मंत्री को बताया कि मध्य एशिया में हाल के राजनीतिक और कारोबारी बदलावों के कारण कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस अपने हैंगर संचालन के लिए उपयुक्त जगह तलाश रही हैं। उन्होंने राजनाथ सिंह से इस उद्देश्य के लिए आदिलाबाद की बेहतर भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाने की मांग की, जिससे यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर सके।

मुख्यमंत्री के साथ आए राज्य प्रतिनिधिमंडल में सड़क और भवन विभाग के विशेष सचिव विकास राज, प्रधान सचिव केएस श्रीनिवास राजू, सचिव माणिक राज और समन्वय के विशेष सचिव अद्वैत कुमार सिंह शामिल थे। उनकी मौजूदगी रणनीतिक ढांचे और रक्षा सहयोग के प्रति राज्य सरकार की गंभीरता को दर्शाती है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews