लग्जरी सुविधाओं से लैस है दुनिया का सबसे लंबा Ganga Vilas Cruise, ऐसे बुक होगी टिकट

Ganga Vilas Cruise

Ganga Vilas Cruise: 13 जनवरी यानी आज दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास का शुभारंभ कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने इसे हरी झंडी दिखाकर वाराणसी से डिब्रूगढ़ के 3200 किलोमीटर के पहले सफर पर रवाना किया। 51 दिनों में ये रिवर क्रूज नदी प्रणालियों को पार करता हुआ अपने गंतव्य पर पहुंचेगा। यह क्रूज बहुत ही लग्जरी तरीके से तैयार किया गया है और इसके जरिए आप भारत में सिंगापुर और मलेशिया की तरह घूमने फिरने की सुविधाओं का लुत्फ उठा सकते हैं।

कैसे बुक होगी Ganga Vilas Cruise की टिकट

गंगा विलास क्रूज में अगर आप यात्रा करना चाहते हैं तो इसके लिए आपको टिकट बुक करवाना होगा। हालांकि, यह टिकट अभी मिल पाना बहुत मुश्किल है क्योंकि स्विट्जरलैंड की एक कंपनी ने पहले से ही इसकी बुकिंग कर रखी है। इस क्रूज के शानदार सफर के लिए प्रतिदिन के हिसाब से पर्यटकों को चार्ज देना होगा। भारत में बनाए गए इस क्रूज में सिंगापुर और मलेशिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है।

टिकट की कीमत

इस शानदार क्रूज में सफर करने वाले पर्यटकों को प्रतिदिन 25 से 50 हजार चुकाने होंगे यानी 51 दिनों की इस यात्रा के लिए एक यात्री को 20 लाख रुपए देने होंगे। ये जहाज एक बार में 36 यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखता है। इसमें सफर करने के लिए वेबसाइट से टिकट बुक किया जा सकता है। फिलहाल स्विट्जरलैंड की कंपनी ने इसे बुक किया हुआ है यह यात्रा पूरी होने के बाद कोई भी टिकट बुक करवा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक क्रूज की अगली यात्रा सितंबर में शुरू होने की संभावना है जिसके लिए जल्द ही बुकिंग शुरू होगी।

इन विरासतों को कवर करेगा क्रूज

गंगा विलास क्रूज कई विश्व विरासतों, राष्ट्रीय उद्यानों, नदी और घाटों से होकर गुजरने वाला है। यह बिहार के पटना, झारखंड के साहिबगंज, बांग्लादेश के ढाका, बंगाल के कोलकाता, असम के गुवाहाटी जैसे मुख्य शहरों के अलावा 50 पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगा। वाराणसी से शुरू हुआ इसका सफर पटना, कोलकाता, साहिबगंज, ढाका, गुवाहाटी होता हुआ असम के डिब्रूगढ़ में खत्म होगा।

मेड इन इंडिया क्रूज

गंगा विलास भारत में बनाया गया पहला क्रूज है जो दुनिया का सबसे लंबा रिवर क्रूज है। ये एक तरह से आत्मनिर्भर भारत की ओर एक सशक्त कदम है। क्रूज की यात्रा शुरू होने के बाद केंद्रीय मंत्री का कहना है कि आज का दिन रिवर क्रूज के इतिहास में लिखा जाएगा क्योंकि दुनिया का सबसे लंबा रिवर क्रूज अब तक की सबसे लंबी यात्रा पर निकल चुका है। इससे पर्यटन तो बढ़ेगा ही व्यापार के नए रास्ते भी खुलेंगे।

गंगा विलास की सुविधाएं

गंगा विलास क्रूज में फाइव स्टार होटल की तरह लग्जरी सुविधाएं मौजूद है। इसमें 18 सुइट बनाए गए हैं और 40 सीटों वाले रेस्त्रां में इंडियन और कॉन्टिनेंटल फूड के साथ बुफे काउंटर तैयार किए गए हैं। इसमें तीन सनडेक, आउटडोर सीटिंग, स्टीमर चेयर और कॉफी टेबल तथा बार भी मौजूद है। इसके अलावा सैलून, स्पा, एंटरटेनमेंट रूम, लाइब्रेरी और गीत-संगीत की व्यवस्था भी इसमें की गई है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह क्रूज हर मायने में सुरक्षित है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews