
दिल्ली की राजनीति इन दिनों चर्चा में है। आम आदमी पार्टी (आप) के अंदर लगातार उठ रही बगावत और नगर निगम में टूट को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। इसी कड़ी में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ अब पूरी तरह से बौखला गई है और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
‘आप’ में मचा बवाल, बौखलाई पार्टी: सचदेवा
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आप पार्टी पहले सत्ता जाने के डर से डरी हुई थी और अब अंदरूनी झगड़ों ने उसे पूरी तरह हिला दिया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में कई विधायक बगावती रुख अपना चुके हैं और नगर निगम में भी दल टूटने से ‘आप’ की हालत खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता अब मीडिया में बने रहने के लिए बिजली-पानी जैसी समस्याओं को झूठे तरीके से उछाल रहे हैं, ताकि जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाया जा सके।
भाजपा सरकार का काम बोल रहा है: वीरेंद्र
सचदेवा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने हर मोर्चे पर ईमानदारी और गंभीरता से काम किया है। खासतौर पर यमुना नदी की सफाई और गर्मियों में पानी संकट को लेकर जो काम हुआ है, वह सराहनीय है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने न केवल यमुना सफाई की योजना बनाई, बल्कि उसका बजट भी पास किया और अब कई हिस्सों में तेजी से काम चल रहा है। वहीं केजरीवाल सरकार ने 10 साल में यमुना के लिए जरूरी 26 एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) नहीं लगाए।
8000 करोड़ का यमुना घोटाला: बड़ा आरोप
वीरेंद्र सचदेवा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार ने यमुना सफाई के नाम पर करीब 8000 करोड़ रुपये का घोटाला किया है। इसके बावजूद यमुना की हालत वैसी की वैसी है। वहीं उपराज्यपाल और नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पिछले 100 दिनों में यमुना सफाई का काम जमीन पर दिखने लगा है। इससे केजरीवाल सरकार बौखलाई हुई है।
बिजली-पानी की समस्या नहीं, ‘आप’ फैला रही अफवाह
सचदेवा ने यह भी कहा कि दिल्ली में इस समय बिजली और पानी की कोई बड़ी समस्या नहीं है। भाजपा सरकार ने समय रहते ‘समर एक्शन प्लान’ बनाकर जरूरी तैयारियां कर ली थीं। इसके चलते इस बार गर्मियों में जल संकट काफी हद तक कम रहा है। फिर भी ‘आप’ पार्टी बार-बार झूठे बयान देकर लोगों को गुमराह कर रही है।
‘आप’ का अधूरा स्कूल प्रोजेक्ट भी सवालों में
सुंदर नगरी में बने अधूरे स्कूल पर भी भाजपा नेता ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ‘आप’ नेता आतिशी ने जिस स्कूल का उद्घाटन किया था, वहां न बिजली थी और न पानी। अब भाजपा सरकार उस अधूरे स्कूल का निर्माण पूरा करवा रही है और जल्द ही वह पूरी तरह चालू होगा। यह एक और उदाहरण है कि ‘आप’ केवल प्रचार में आगे है, जबकि काम धरातल पर नहीं हुआ।
