Hindi News

राज्यसभा चुनाव: TMC ने उम्मीदवारों का किया ऐलान, बाबुल सुप्रियो-पूर्व DGP राजीव कुमार समेत 4 चेहरों पर लगाया दांव

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पश्चिम बंगाल की 5 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर अपने चार उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार, अभिनेत्री कोयल मल्लिक और वकील मेनका गुरुस्वामी का नाम शामिल है, जो पार्टी की विविध रणनीति को दर्शाता है।
राज्यसभा चुनाव: TMC ने उम्मीदवारों का किया ऐलान, बाबुल सुप्रियो-पूर्व DGP राजीव कुमार समेत 4 चेहरों पर लगाया दांव

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने इस बार चार नए और चौंकाने वाले चेहरों पर भरोसा जताया है, जिनमें राजनीति, प्रशासन, फिल्म और कानून जगत की हस्तियां शामिल हैं।

शुक्रवार को जारी की गई सूची के अनुसार, भाजपा से टीएमसी में आए विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो, पश्चिम बंगाल के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार, बंगाली फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री कोयल मल्लिक और वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी को उम्मीदवार बनाया गया है। इन नामों के ऐलान के साथ ही राजनीतिक गलियारों में चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है।

ममता के भरोसेमंद राजीव कुमार को इनाम

इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व डीजीपी राजीव कुमार के नाम को लेकर हो रही है। हाल ही में पुलिस सेवा से रिटायर हुए राजीव कुमार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बेहद करीबी और भरोसेमंद अधिकारी माना जाता रहा है। सारदा चिटफंड मामले से लेकर सीबीआई की पूछताछ तक, हर मुश्किल घड़ी में ममता बनर्जी उनके साथ खड़ी नजर आई थीं। कुछ समय पहले उन्होंने केंद्रीय मंत्री और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी दायर किया था, जिसके बाद से ही उन्हें राज्यसभा भेजे जाने के कयास लगाए जा रहे थे।

बाबुल सुप्रियो का राजनीतिक पुनर्वास

कभी भाजपा के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री रहे बाबुल सुप्रियो अब टीएमसी की तरफ से उच्च सदन में जाएंगे। भाजपा से मतभेदों के बाद उन्होंने सांसद पद से इस्तीफा देकर टीएमसी का दामन थाम लिया था और फिलहाल वह विधायक हैं। ममता बनर्जी ने उन्हें राज्यसभा भेजकर उनका राजनीतिक कद बढ़ाने का संकेत दिया है।

कला और कानून जगत से भी उम्मीदवार

टीएमसी ने ग्लैमर और बौद्धिक जगत को भी साधने की कोशिश की है। बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री कोयल मल्लिक को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने एक बड़ा दांव खेला है। वहीं, ईडी से जुड़े मामले में सरकारी वकील रह चुकीं मेनका गुरुस्वामी का नामांकन भी राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बंगाल में राज्यसभा का गणित

पश्चिम बंगाल की कुल पांच राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को मतदान होना है। राज्य विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर तृणमूल कांग्रेस की चार सीटों पर जीत लगभग तय है, जबकि एक सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खाते में जाना निश्चित है।

“हम उन्हें दिल से बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। उम्मीद है कि वे तृणमूल की मजबूती की विरासत और हर भारतीय के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए उसके पक्के वादे को बनाए रखेंगे।”- तृणमूल कांग्रेस

पार्टी ने इस बार कई पुराने नेताओं को मौका नहीं दिया है। ऋतब्रत बनर्जी और सुब्रत बख्शी जैसे नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन अंतिम सूची में उन्हें जगह नहीं मिली।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews