
IPS Transfer News: लोकसभा चुनाव (Loksabha Election 2024) के बीच 3 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। निर्वाचन आयोग ने तत्काल प्रभाव से स्थानंतरण का आदेश जारी किया है। आंध्र प्रदेश के दो और हैदराबाद के एक आईपीएस अधिकारी का ट्रांसफर किया गया है।
आंध्र प्रदेश के दो अधिकारियों का हुआ तबादला
आंध्र प्रदेश में सीएम वाईएएस जगन मोहन रेड्डी के काफिले पर पथराव के बाद चुनाव आयोग ने डायरेक्टर जनरल (इंटेलिजेंस) पी.सीतारमणजानेयुलु और एनटीआर पुलिस कमिश्नर कान्ति राणा टाटा का तबादला किया है। बता दें कि सीएम पर हमले को लेकर टीडीपी नेता और वरिष्ठ वकील रवींद्र कुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा था, उन्होनें पुलिस विभाग के विफलता पर चिंता जताई। साथ ही पी.सीतारमणजानेयुलु और कान्ति राणा टाटा के तबादले की मांग की थी।
चुनाव के दौरान नहीं मिलेगा कोई भी काम
इसके अलावा दोनों ही अधिकारियों को उनके पद से नीचे के अधिकारी को प्रभाव सौंपने का निर्देश भी जारी किया गया है। इतना ही नहीं चुनाव आयोग ने दोनों अधिकारियों को चुनाव के दौरान कोई भी काम न सौंपने का निर्देश भी दिया है।
हैदराबाद के डीसीपी का स्थानंतरण हुआ
चुनाव आयोग के आदेश पर हैदराबाद दक्षिण क्षेत्र के डीसीपी का भी तबादला किया गया है। पुलिस उपायुक्त पी साई चैतन्य के तबादले का आदेश तेलंगाना के मुख्य सचिव को जारी किया गया है।
जल्द भरे जाएंगे रिक्त पद
इन रिक्त पदों को भरने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को बुधवार तक तीन आईपीएस अधिकारियों के नाम का पैनल भेजने का आदेश भी जारी किया था।

