उमा भारती की दिल्ली और हरियाणा सरकार को खुली पाती, कहा ‘दोनों जगह बीजेपी सरकार, बाढ़ की स्थिति पर हो उचित कार्रवाई’

भारी बारिश और यमुना नदी के उफान के कारण दिल्ली और हरियाणा में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी और लगातार बारिश ने दोनों राज्यों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अलर्ट जारी किया है। हरियाणा में गुरुग्राम, पंचकूला और अंबाला जैसे जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं।
Uma Bharti

Uma Bharti

एक बार फिर उमा भारती ने अपनी ही पार्टी की सरकारों को ताकीद दी है। बीजेपी की वरिष्ठ नेता ने दिल्ली और हरियाणा में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिल्ली और हरियाणा की बीजेपी सरकारों से प्रभावी संवाद करने और समय पर जनता को सतर्क करने की बात कही है।

बता दें कि दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर ने कई निचले इलाकों जैसे यमुना बाजार, मजनू का टीला, मयूर विहार और गीता कॉलोनी में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। वहीं, पुराना लोहे का पुल यातायात के लिए अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। हरियाणा में हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी और भारी बारिश के कारण गुरुग्राम, पंचकूला और अंबाला प्रभावित हुए हैं। यहां राहत कार्यों के लिए सेना व एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। साथ ही राहत एवं बचाव शिविर भी लगाए गए हैं।

उमा भारती: मुद्दों पर खुलकर करती आई हैं विरोध

सामान्य तौर पर राजनीति में अपनी ही पार्टी को खुलेआम समझाइश देने या उसकी आलोचना करने की परंपरा नहीं है। अगर किसी मुद्दे पर या व्यक्ति से कोई मतभेद या विवाद हो तो अक्सर उसपर बंद कमरे में ही चर्चा होती है और कोशिश रहती है कि मामला सार्वजनिक न आने पाए। लेकिन उमा भारती इस मामले में अलग मिज़ाज की नेता रही हैं। वो कई बार ऐसे मुद्दों पर जिनपर उनका मतभेद होता है..अपनी ही पार्टीलाइन के विरोध में खड़ी दिखाई दी है। शराब के मुद्दे पर उन्होंने तत्कालीन शिवराज सरकार के खिलाफ खुलेआम लड़ाई छेड़ दी थी। अवैध उत्खनन, गौरक्षा, नशे सहित कई मुद्दों पर वो कई बार बीजेपी नेताओं को नसीहत देती दिखीं हैं।

दिल्ली और हरियाणा की बाढ़ पर जताई चिंता

अब एक बार फिर उमा भारती ने अपनी ही पार्टी की सरकारों को चेताया है। दिल्ली और हरियाणा में अतिवृष्टि के कारण बाढ़ की स्थिति पर उन्होंने वहां की बीजेपी सरकारों से कहा है कि वे समय पर उचित कदम उठाएं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बीजेपी को टैग करते हुए लिखा है कि ‘दिल्ली में बहुत अंदर तक यमुना का पानी आ गया है, हथिनी कुंड बैराज से भी दिल्ली में पानी आया है जो हरियाणा में है। दिल्ली और हरियाणा दोनों जगह में हमारी सरकारें है। चित संवाद, समय पर आमजनों को सचेत रहने का आह्वान बहुत जरूरी है। मुझे विश्वास है कि हमारी दोनों राज्यों की सरकारें इस पर खरी उतरेंगी।’ इस तरह एक बार फिर उमा भारती ने बीजेपी सरकारों को पब्लिक प्लेटफॉर्म पर संबोधित करते हुए उनके सही कदम उठाने की बात कही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews